उत्तर भारत मे ठंड और कोहरे का कहर, कई राज्यों में गिरा पारा
नई दिल्ली। उत्तर भारत में ठंड का कहर जारी है सुबह और शाम के मुकाबले दिन की सर्दी लोगों को परेशान करने लगी है। राष्ट्रीय राजधानी में बृहस्पतिवार सुबह कोहरा छाने के कारण दृश्यता घटकर 400 मीटर हो गई है। वहीं, कश्मीर के ज्यादातर हिस्सों में भी न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है …
नई दिल्ली। उत्तर भारत में ठंड का कहर जारी है सुबह और शाम के मुकाबले दिन की सर्दी लोगों को परेशान करने लगी है। राष्ट्रीय राजधानी में बृहस्पतिवार सुबह कोहरा छाने के कारण दृश्यता घटकर 400 मीटर हो गई है। वहीं, कश्मीर के ज्यादातर हिस्सों में भी न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है वहीं, पर्यटन स्थल गुलमर्ग और पहलगाम में बर्फबारी हुई है.
दिल्ली में न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, सफदरजंग वेधशाला में बृहस्पतिवार सुबह मध्यम कोहरे के साथ दृश्यता 400 मीटर दर्ज की गई। पालम वेधशाला में घने कोहरे के साथ दृश्यता 50 मीटर दर्ज की गई।
इस बीच, रेल अधिकारियों ने बताया कि कोहरा छाने की वजह से दिल्ली आ रहीं 10 से अधिक ट्रेनें देरी से पहुंची। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि बृहस्पतिवार को दिल्ली में मध्यम कोहरा छाया। अधिकतम तापमान के 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
आईएमडी के अनुसार, बृहस्पतिवार सुबह साढ़े आठ बजे हवा में आर्द्रता का स्तर 95 प्रतिशत रहा। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, दिल्ली में बृहस्पतिवार को वायु गुणवत्ता ‘बेहद खराब’ श्रेणी में रही। सुबह आठ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 368 दर्ज किया गया। पड़ोसी शहर, गाजियाबाद में एक्यूआई 366, गुरुग्राम में 318, ग्रेटर नोएडा में 333 तथा नोएडा में 345 दर्ज किया गया और वायु गुणवत्ता ‘बेहद खराब’ श्रेणी में रही।
वहीं, फरीदाबाद में एक्यूआई 416 दर्ज किए जाने के साथ ही वायु गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी में रही। शून्य और 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 और 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 और 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 और 300 के बीच ‘खराब’, 301 और 400 के बीच ‘बहुत खराब’ तथा 401 और 500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।
कश्मीर के ज्यादातर हिस्सों में न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, पर्यटन स्थल गुलमर्ग और पहलगाम में बर्फबारी हुई है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जम्मू कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस नीचे रिकॉर्ड किया गया जो पिछली रात की तुलना में आधा डिग्री कम है।
उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। वहीं, दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.6 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। अधिकारियों ने कहा कि काजीगुंड में न्यूनतम तापमान 0.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दक्षिण कश्मीर के कोकरनाग में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने कहा है कि जम्मू कश्मीर में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और 22-23 जनवरी के दौरान हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना है। विभाग ने कहा कि इसके बाद महीने के अंत तक मौसम के मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है और जनवरी के आखिर तक ज्यादा बारिश या बर्फबारी का कोई पूर्वानुमान नहीं है।
कश्मीर में फिलहाल 40 दिन का ‘चिल्लई-कलां’ चल रहा है जो पिछले महीने 21 दिसंबर को शुरू हुआ था। ‘चिल्लई-कलां’ के दौरान क्षेत्र में अत्याधिक ठंड पड़ती है और पारा काफी लुढ़कता है तथा डल झील समेत कई जलाशय जम जाते हैं। घाटी के विभिन्न इलाकों में पानी की पाइपलाइन में भी पानी जम जाता है।
इस अवधि के दौरान बर्फबारी की संभावना सबसे अधिक रहती है और अधिकतर क्षेत्रों में, खासकर ऊंचाई वाले इलाकों में, भारी से बहुत भारी बर्फबारी होती है। ‘चिल्लई-कलां’ 31 जनवरी को खत्म होगा जिसके बाद कश्मीर में 20 दिन का ‘चिल्लई-खुर्द’ शुरू होगा। इस दौरान ठंड थोड़ी कम होती है और फिर 10 दिन का ‘चिल्लई-बच्चा’ चलेगा तब सर्दी की तीव्रता और कम हो जाती है।
भारतीय युवक के अपहरण पर राहुल गांधी बोले- पीएम की बुजदिल चुप्पी ही उनका बयान है…
