रामपुर: आंबेडकर पार्क में चल रहा धरना 24वें दिन खत्म

रामपुर, अमृत विचार। सपा सांसद आजम खां की रिहाई के लिए वीर भगत सिंह युवा मोर्चा की ओर से 24 दिन से लगातार धरना चल रहा था। इस धरने में आसपास के सपा कार्यकर्ता भी शामिल हो रहे थे। कई बार अधिकारियों ने आकर धरने को खत्म कराने के निर्देश दिए थे, लेकिन धरना जारी …
रामपुर, अमृत विचार। सपा सांसद आजम खां की रिहाई के लिए वीर भगत सिंह युवा मोर्चा की ओर से 24 दिन से लगातार धरना चल रहा था। इस धरने में आसपास के सपा कार्यकर्ता भी शामिल हो रहे थे। कई बार अधिकारियों ने आकर धरने को खत्म कराने के निर्देश दिए थे, लेकिन धरना जारी था। गुरुवार शाम को प्रशासनिक अधिकारियों ने धरना हटाने की चेतावनी दी। रात को सपा के जिलाध्यक्ष ने धरने पर बैठे लोगों को जूस पिलाकर धरना खत्म करा दिया।
सपा सांसद आजम खां 26 फरवरी 2021 से सीतापुर जेल में बंद हैं। उन पर 100 से अधिक मुकदमें दर्ज हैं। उनकी रिहाई के लिए वीर भगत सिंह युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष रजतकुमार अपने पदाधिकारियों के साथ मिलकर पिछले 24 दिन से सपा सांसद आजम खां की रिहाई के लिए आंबेडकर पार्क में धरना दे रहे थे। कई बार अधिकारियों ने धरने में जाकर धारा 144 और कोविड की वजह से धरना खत्म करने के निर्देश दिए थे। लेकिन उसके बाद भी धरना लगातार चल रहा था।
गुरुवार शाम को प्रशासनिक अधिकारी और सिविल लाइन इंस्पेक्टर ने मौके पर जाकर धरना खत्म करने की चेतावनी दी थी। देर शाम को सपा के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र गोयल धरने पर पहुंचे,उसके बाद जूस पिलाकर धरने को खत्म कराया। इस धरने में जिले भर के सपा के कार्यकर्ता आ रहे थे।वहीं दूसरी ओर सिविल लाइन प्रभारी लव सिरोही का कहना है कि अगर धरना खत्म नहीं हुआ,तो कार्रवाई की जाएगी।