रामनगर: डीएफओ के वाहन पर हमला करने वाला कोर्ट में पेश
रामनगर, अमृत विचार। तराई पश्चिम वन प्रभाग के डीएफओ बलवंत सिंह शाही पर हमला करने वाले आरोपियों में से एक को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया जबकि एक आरोपी की पुलिस तलाश कर रही है। पश्चिमी वन प्रभाग के बलवंत सिंह शाही ने बताया कि गुरुवार की शाम वन सुरक्षा बल के साथ …
रामनगर, अमृत विचार। तराई पश्चिम वन प्रभाग के डीएफओ बलवंत सिंह शाही पर हमला करने वाले आरोपियों में से एक को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया जबकि एक आरोपी की पुलिस तलाश कर रही है।
पश्चिमी वन प्रभाग के बलवंत सिंह शाही ने बताया कि गुरुवार की शाम वन सुरक्षा बल के साथ वे कालूसिद्ध व खड़ंजा खनन गेटों की गश्त पर थे। तभी उनके पीछे 20 से 30 मोटरसाइकिलों पर फील्डर पीछा कर रहे थे। खड़ंजा गेट से वापस आने पर उन्होंने वाहन को रोका और पीछा कर रहे मोटरसाइकिलों में से एक फील्डर की बाइक को वन सुरक्षा बल ने पकड़ लिया।
बाइक सवार रिजवान निवासी गुल्लरघट्टी अभद्रता करने लगा। टीम ने उसे अपने सरकारी वाहन में बैठाकर कार्यालय को आ रहे थे। तभी रास्ते में कालूसिद्ध तिराहे के पास मुनीर खताड़ी निवासी एवं पांच अन्य डीएफओ के वाहन को रोक कर रिजवान को छुड़ा ले गये। बाद में यही लोग शिवलालपुर चौराहे पर बाइक छुड़ाने आ गये।
डीएफओ ने बताया कि उनके वाहन पर मुनीर ने पत्थर मार दिया। इससे वाहन के पीछे का शीशा टूट गया। उन्होंने तत्काल मामले की जानकारी एसएसपी को दी। वही एसएसपी ने कोतवाल अरुण सैनी को मामले से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कोतवाल अरुण सैनी ने बताया कि पुलिस ने वन बीट अधिकारी विपिन चन्द्र की तहरीर पर आरोपियों द्वारा मोटरसाइकिल छीनने का प्रयास, हाथापाई, गाली गलौज और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने के मामले में मुकदमा दर्ज कर दबिश देते हुए एक आरोपी मुनीर को गिरफ्तार कर लिया है जबकि दूसरे आरोपी रिजवान की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि एक आरोपी मुनीर को कोर्ट में पेश किया गया है।
