मुरादाबाद : अपार्टमेंट के फ्लैट में शार्ट सर्किट से लगी आग, लाखों का नुकसान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। सोमवार सुबह टीडीआई सिटी के मेघदूत अपार्टमेंट की छठी मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में अचानक आग लग गई। इससे मौके पर हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची दमकल की चार गाड़ियों ने पौन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस अग्निकांड में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई …

मुरादाबाद,अमृत विचार। सोमवार सुबह टीडीआई सिटी के मेघदूत अपार्टमेंट की छठी मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में अचानक आग लग गई। इससे मौके पर हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची दमकल की चार गाड़ियों ने पौन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस अग्निकांड में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

कोतवाली क्षेत्र के मंडी चौक निवासी आशीष गुप्ता मावा कारोबारी हैं। संबली गेट पर उनकी मावे की आढ़त है। उन्होंने सिविल लाइंस की पॉश कालोनी टीडीआई सिटी के मेघदूत अपार्टमेंट में छठी मंजिल पर फ्लैट नंबर 106 खरीदा था। आशीष गुप्ता तीन दिन पहले ही इस अर्पाटमेंट में परिवार सहित रहने आए थे। सोमवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे अचानक उनके फ्लैट में आग लग गई। इससे मौके पर हड़कंप मच गया। अपार्टमेंट में काम करने वाले मजदूरों ने परिवार के सभी सदस्यों को किसी तरह बाहर निकाला।

अशोक कुमार शर्मा ने दमकल विभाग को घटना की सूचना दी। जानकारी मिलते ही एफएसओ शत्रुघ्न दमकल की चार गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंच गए। तब तक आग पूरे कमरे में फैल चुकी थी। करीब पौन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। एफएसओ ने बताया कि जिस कमरे में आग लगी थी वह बंद था। इसलिए आग विकराल रूप धारण नहीं कर सकी। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि इस अग्निकांड में लाखों रुपये से ज्यादा का सामान राख हो गया।

नहीं हैं आग बुझाने के उपकरण
फ्लैट स्वामी आशीष गुप्ता ने बताया कि बिल्डिंग में आग बुझाने का कोई इंतजाम नहीं है। यदि आग बुझाने के उपकरण होते तो आग पर समय रहते काबू पाया जा सकता था। आग बुझाने का पाइप पड़ा था मगर उसे प्रयोग करने वाला कोई कर्मचारी नहीं था। उन्होंने इस घटना के लिए बिल्डर को जिम्मेदार ठहराया है।

संबंधित समाचार