नैनीताल में लगातार हो रही बर्फबारी, हल्द्वानी में गिरे ओले

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नैनीताल/हल्द्वानी, अमृत विचार। नैनीताल जिले में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मैदानी इलाकों में जहां बारिश हो रही है तो वहीं पहाड़ों में हिमपात हो रहा है। हल्द्वानी में बारिश के साथ ओले भी गिरे हैं। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार से मौसम साफ होना शुरू होगा लेकिन ठंड से ज्यादा राहत नहीं मिलेगी। …

नैनीताल/हल्द्वानी, अमृत विचार। नैनीताल जिले में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मैदानी इलाकों में जहां बारिश हो रही है तो वहीं पहाड़ों में हिमपात हो रहा है। हल्द्वानी में बारिश के साथ ओले भी गिरे हैं। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार से मौसम साफ होना शुरू होगा लेकिन ठंड से ज्यादा राहत नहीं मिलेगी।

सोमवार को नैनीताल में लंबे समय के इंतजार के बाद आखिरकार सोमवार को मौसम की सातवीं बर्फबारी ने नगर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों के वाशिदों के साथ ही अब निचले क्षेत्रों के वाशिदों की भी मन मांगी मुराद को पूरा कर दिया। नगर में सोमवार को ठीक सुबह 9.15 मिनट से बर्फबारी का दौर शुरु हुआ जो 10.45 बजे तक चला, उसके बाद फिर दिनभर हल्की बारिश होते रही लेकिन दोपहर 12 बजे के बाद से पूरा शहर घने कोहरे के आगोश में समा गया। सोमवार को नगर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में करीब 6 इंच तो निचले क्षेत्रों में 2 इंच तक बर्फ गिरी।

मुक्तेश्वर में बर्फ से ढके घर।

बता दें नगर के बाजार तथा निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोग लंबे समय से बर्फबारी की बेसब्री से इंतजार कर रहे थे लेकिन अभी तक नगर में 6 बार बर्फबारी हो चुकी थी वह केवल ऊंचाई वाले स्थानों में होकर सिमट जा रही थी लेकिन सोमवार को ऐसा नहीं हुआ प्रकृति ने निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की भी मनमांगी मुराद को आखिरकार पूरा कर ही दिया। बर्फबारी के बाद से पूरा नगर कड़ाके की ठंड की चपेट में आ गया है। नगर के भीतर बर्फबारी की सूचना नगर के वाशिदों से देश के विभिन्न शहरों में रहने वाले लोगों को मोबाइल से दी। दूसरी ओर नगर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का आनंद लेने के लिए सोमवार को सुबह से लेकर शाम तक पर्यटकों का हुजूम उमड़ा रहा।

जिला आपदा कंट्रोल रुम से मिली जानकारी के मुताबिक बारिश व बर्फबारी के बाद भी जिले के सभी मोटर मार्गो में यातायात सुचारु बना है केवल नैनीताल-पंगूट-किलबरी मोटर मार्ग में अत्यधिक मात्रा में बर्फबारी होने की वजह से यह मार्ग वाहनों के लिए बंद है। मार्ग में बर्फ को हटाने के लिए लगातार जेसीबी लगायी गयी है। इसके अलावा सुबह के वक्त कालाढूंगी-नैनीताल मोटर मार्ग जो बंद हो गया था वह भी शाम को साढ़े तीन बजे से यातायात के लिए खोल दिया गया है।

इधर हल्द्वानी में सुबह से बारिश का दौर रहा। बीच-बीच में बारिश रूकी लेकिन थोड़ी देर के बाद ही बारिश फिर होने लगती। इधर दोपहर बाद हल्द्वानी में बारिश के साथ ओले भी पड़े। उत्तराखंड मौसम विभाग केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि मंगलवार से मौसम साफ होना शुरू हो जाएगा।

संबंधित समाचार