बाराबंकी: सपा ने रणनीति में किया बदलाव, गोप को दरियाबाद तो राकेश को कुर्सी का दिया टिकट
बाराबंकी। सपा ने जिले की विधानसभा सीटों पर बड़ा फेरबदल करते हुए रामनगर सीट पर स्थिति साफ कर दी है। यहां से टिकट मांग रहे पूर्व मंत्री अरविंद कुमार सिंह गोप को दरियाबाद और पूर्व मंत्री राकेश कुमार वर्मा को कुर्सी का टिकट दिया गया है। सपा ने रामनगर से फरीद को बनाया उम्मीदवार रामनगर …
बाराबंकी। सपा ने जिले की विधानसभा सीटों पर बड़ा फेरबदल करते हुए रामनगर सीट पर स्थिति साफ कर दी है। यहां से टिकट मांग रहे पूर्व मंत्री अरविंद कुमार सिंह गोप को दरियाबाद और पूर्व मंत्री राकेश कुमार वर्मा को कुर्सी का टिकट दिया गया है।
सपा ने रामनगर से फरीद को बनाया उम्मीदवार
रामनगर से अब पूर्व मंत्री फरीद महफूज किदवई चुनाव लड़ेंगे। सदर विधानसभा क्षेत्र से वर्तमान विधायक धर्मराज यादव और सुरेश को ही पार्टी ने अपना उम्मीदवार बनाया है। इस बीच राजा राजीव कुमार सिंह की नाराजगी से संबंधित खबरें सोशल मीडिया पर छाई हैं।
रामनगर सीट से राकेश वर्मा चाहते थे सपा से टिकट
रामनगर विधानसभा सीट को लेकर 2017 में भी बेनी प्रसाद वर्मा अपने बेटे राकेश वर्मा के टिकट को लेकर अड़े थे। लेकिन उस समय समाजवादी पार्टी ने गोप को ही तरजीह दी थी। इस बार भी ऐसी ही अटकलें लगाई जा रही थी। राकेश वर्मा के समर्थक भी दावा कर रहे थे कि खुद अखिलेश यादव ने राकेश वर्मा को रामनगर से चुनाव लड़ने के लिए हरी झंडी दे दी है। लेकिन जब मुट्ठी खोली तो टिकट फरीद महफूज किदवई का निकला।
लिस्ट जारी होते ही गोप के आवास पर इकट्ठा हुए समर्थक
लिस्ट जारी होते ही अरविंद सिंह गोप के आवास पर उनके समर्थक जमा हो गए। देर शाम तक गोप अपने समर्थकों के साथ विचार विमर्श करते रहे। सूत्रों के मुताबिक उन्होंने दरियाबाद से ही चुनाव लड़ने की तैयारी शुरू कर दी है।
सदर विधानसभा क्षेत्र से 2017 के विपरीत लहर में भी चुनाव जीतने वाले धर्मराज यादव और सुरेश को पार्टी ने उम्मीदवार बनाया है। इस सीट पर भी आधा दर्जन लोग अपनी दावेदारी कर रहे थे। हैदरगढ़ और जैदपुर विधानसभा क्षेत्र पर पार्टी ने अभी अपने पत्ते नहीं खोले हैं।
निर्दल चुनाव लड़ सकते हैं राजा राजीव कुमार सिंह
समाजवादी पार्टी के उम्मीदवारों की सूची जारी होते ही राजा राजीव कुमार सिंह की नाराजगी की खबरें सामने आने लगी। उनके समर्थकों ने सोशल मीडिया पर नाराजगी जाहिर की। दरियाबाद प्रतिनिधि के अनुसार राजीव कुमार सिंह के आवास पर उनके समर्थकों की भीड़ जुटी रही। समाजवादी पार्टी का नेतृत्व उन्हें मनाने की कवायद में लगा है। समर्थकों का कहना है कि राजा अपने बेटे अनिमेष प्रताप सिंह उर्फ राहुल को निर्दल चुनाव मैदान में उतार सकते हैं।
ये भी पढ़ें: बहराइच: बुजुर्ग ने किया देहदान, मृत शरीर पर मेडिकल कॉलेज में होगा शोध…
