मुरादाबाद : नहर में पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली, चालक की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। बुधवार रात करीब दो बजे ट्रैक्टर-ट्राली नहर में पलट गई। ट्रैक्टर चालक की ट्रॉली के नीचे दबकर मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय चालक चीनी मिल में गन्ना डालकर घर लौट रहा था। घटना से परिवार में कोहराम मचा है। युवक का विवाह एक साल पूर्व ही हुआ था। …

मुरादाबाद, अमृत विचार। बुधवार रात करीब दो बजे ट्रैक्टर-ट्राली नहर में पलट गई। ट्रैक्टर चालक की ट्रॉली के नीचे दबकर मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय चालक चीनी मिल में गन्ना डालकर घर लौट रहा था। घटना से परिवार में कोहराम मचा है। युवक का विवाह एक साल पूर्व ही हुआ था।

बिलारी कोतवाली क्षेत्र के गांव बहोरनपुर नरौली निवासी पपलू चौहान खेतीबाड़ी करते हैं। उनके परिवार में पत्नी सुनीता के अलावा दो बेटे रोहित चौहान और रवि चौहान तथा एक बेटी सोनी उर्फ माधवी चौहान है। सोनी उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल है। उनका बड़ा बेटा 25 वर्षीय रोहित चौहान भी दरोगा भर्ती की तैयारी कर रहा था। रोहित चौहान बिलारी स्थित लक्ष्मी शुगर मिल में ट्रैक्टर-ट्राली से गन्ना डालने गया था।

बुधवार देर रात वह गन्ना डालकर लौट रहा था। बुधवार देर रात करीब दो बजे जरगांव रोड पर सतारन गांव की पुलिया के पास घने कोहरे के कारण अचानक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर नहर में पलट गई। इस हादसे में ट्रैक्टर चला रहा रोहित चौहान ट्राली के नीचे दब गया। रात में यह रास्ता अमूमन कम ही चलता है। उधर से अधिकांश किसान ही गुजरते हैं। शुगर मिल से लौट रहे अन्य किसानों ने नहर में ट्रैक्टर-ट्राली पलटी देख गांव पहुंचकर परिजनों को सूचना दी।

तब परिजन ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे और ट्रॉली को सीधी करके उसके नीचे दबे रोहित चौहान को बाहर निकाला। तब रोहित चौहान की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। परिवार वालों ने बताया कि रोहित चौहान की शादी एक साल पूर्व ही रेनू के साथ हुई थी।

संकरी पुलिया पर न रेलिंग है और न रिफ्लेक्टर
हादसे में हुई रोहित चौहान की मौत को लेकर एक ओर जहां परिवार में कोहराम मच गया। वहीं दूसरी ओर ग्रामीणों में आक्रोश है। बहोरनपुर नरौली गांव निवासी भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष अभिषेक राठौर ने बताया कि यह पुलिया बेहद संकरी है। इससे पहले भी यहां कई हादसे हो चुके हैं। इनमें कई लोग जान गंवा चुके हैं। इसके बावजूद पुलिया पर ऊंची रेलिंग नहीं लगाई गई। इतना ही नहीं यहां कोई रिफ्लेक्टर भी नहीं लगाया गया है। यहां खतरनाक मोड़ है लेकिन कोई संकेतक नहीं लगाया गया। लोगों का कहना है कि यदि इस पुलिया पर रेलिंग, रिफ्लेक्टर या संकेतक लगाया होता तो यह हादसा नहीं होता।

संबंधित समाचार