अयोध्या: आयोग के फरमान पर तैयार हो रहा है सुरक्षा का चुनावी चक्रव्यूह
अयोध्या। इस बार विधानसभा चुनाव में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अराजकता पहले से काफी भारी पड़ सकती है। चुनाव आयोग के निर्देश पर इस बार नए सिरे से सुरक्षा का चुनावी चक्रव्यूह तैयार हो रहा है। संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों समेत सभी पोलिंग स्टेशन अंडर सर्विलांस के दायरे में रहेंगे। इतना …
अयोध्या। इस बार विधानसभा चुनाव में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अराजकता पहले से काफी भारी पड़ सकती है। चुनाव आयोग के निर्देश पर इस बार नए सिरे से सुरक्षा का चुनावी चक्रव्यूह तैयार हो रहा है। संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों समेत सभी पोलिंग स्टेशन अंडर सर्विलांस के दायरे में रहेंगे। इतना ही नहीं डिजिटल मैप तैयार होगा, जिससे फोर्स किसी भी अप्रिय घटना की सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंच जाए।
इसके साथ ही सभी विधानसभा क्षेत्र में रहने वाले लोगों का बहीखाता तैयार किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में पड़ने वाले पोलिंग बूथों के आसपास रहने वाले लोगों के चाल चरित्र का पता लगाने के लिए बीट सिपाही और चौकीदार लगाए गए हैं। पोलिंग स्टेशनों की स्थिति क्षेत्र में रहने वाले लोगों का पूरा विवरण लाइसेंस धारी असलहा धारकों की संख्या संभ्रांत और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों की गणना के साथ पिछले चुनाव में उपद्रव और हिंसा वाले पोलिंग बूथों का नाम चुनाव रजिस्टर में दर्ज किया जा रहा है।
संबंधित विधानसभा गांव का नाम पोलिंग बूथों तक आसानी से पहुंचने वाले रास्तों का पूरा नक्शा पुलिस की मदद करने वाले और मतदान के दिन गड़बड़ी पैदा करने वाले संदिग्ध लोगों की पूरी लोकेशन उनका मोबाइल नंबर संबंधित थानों को एक अलग से निर्वाचन रजिस्टर बना कर बही खाता तैयार करने का निर्देश है। ब्लॉक के क्षेत्रों में पड़ने वाले पोलिंग स्टेशनों को अलग-अलग कैटेगरी में बांटकर इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों का पूरा ब्योरा तैयार कराया जा रहा है।
मतदान स्थल के आसपास रहने वाले लोगों का आचरण कैसा है इसका भी पता लगाने के लिए संबंधित थानों को बीट के हिसाब से निर्वाचन रजिस्टर बहीखाता तैयार किया जा रहा है।
मतदाताओं के वोटों की खरीद-फरोख्त कर चुनाव को प्रभावित करने वाले लोगों पर शिकंजा कसने के लिए खुफिया टीम में तैनात कर दी गई है। सभी ग्राम प्रहरियों को गांव के अंदर बाहरी लोगों के आने जाने पर निगाह रखने के साथ संबंधित थानों को तत्काल सूचना देने का निर्देश जारी किया गया है।
यह भी है तैयारियां
मतदान के दिन महिला मतदान केन्द्रों पर विशेष महिला पुलिस टुकड़ी तैनात करने, मतदान केन्द्रों व आसपास के क्षेत्रों में अंडर एरिया सर्विलांस व ड्रोन कैमरे की मदद से चप्पे-चप्पे पर नजर रखने के साथ ही वीडियो ग्राफी भी कराई जाएगी। मतदेय स्थलों पर मतदाताओं द्वारा प्रवेश के समय मास्क, सेनिटाइजर आदि का प्रयोग कर सोशल डिस्टेसिंग का पालन करते हुए मतदान का प्रयोग किया जा सकेगा।
पुलिस सोशल मीडिया सेल द्वारा भी लगातार सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म, ट्विटर, फेसबुक व व्हाट्सएप ग्रुप पर निरंतर निगरानी की जा रही है। किसी भी प्रकार की सोशल प्लेटफार्म पर अराजकता फैलाई जाएगी तो तत्काल कार्यवाही कराई जाएगी।
विधानसभा चुनाव को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी लगभग पूरी हो गई है। आयोग के निर्देश पर पुलिस निष्पक्ष मतदान के लिए प्रतिबद्ध हैं। -शैलेश कुमार पाण्डेय, एसएसपी, अयोध्या
