हल्द्वानी: बोर्ड परीक्षार्थियों के लिए 31 से खुलेंगे स्कूल
हल्द्वानी, अमृत विचार। बोर्ड परीक्षाओं के नजदीक आने को देखते हुए शिक्षा विभाग ने 31 जनवरी से स्कूलों को खोलने का निर्णय लिया है। आदेश में यह भी स्पष्ट है कि 10वीं, 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों के लिए ही स्कूल भौतिक रूप से खुलेंगे। जबकि नौवीं एवं उससे नीचे की कक्षाओं में पढ़ने वाले …
हल्द्वानी, अमृत विचार। बोर्ड परीक्षाओं के नजदीक आने को देखते हुए शिक्षा विभाग ने 31 जनवरी से स्कूलों को खोलने का निर्णय लिया है। आदेश में यह भी स्पष्ट है कि 10वीं, 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों के लिए ही स्कूल भौतिक रूप से खुलेंगे। जबकि नौवीं एवं उससे नीचे की कक्षाओं में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को अभी घर से ही ऑनलाइन पढ़ाई करनी होगी।
कोरोना महामारी के बढ़ते प्रकोप के कारण एक जनवरी से स्कूलों की छुट्टियों का सिलसिला 30 जनवरी तक पहुंच गया। इधर, जनवरी के अंत में कोरोना के मरीज घटने लगे तो उत्तराखंड के मुख्य सचिव सुखबीर सिंह संधू ने 31 जनवरी से स्कूल खोलने के आदेश जारी कर दिए हैं। मुख्य सचिव ने आदेश में कहा है कि स्कूल केवल नौवीं से ऊपर वाले विद्यार्थियों के लिए खुलेंगे।
नौवीं तथा उससे नीचे वाले बच्चों को घर पर बैठकर ही ऑनलाइन पढ़ाई करनी होगी। जबकि 10वीं, 11वीं एवं 12 के विद्यार्थियों की पढ़ाई स्कूलों में ऑफलाइन होगी। मुख्य सचिव ने अपने आदेश में यह भी निर्देश दिए हैं कि स्कूल संचालकों को कोरोना गाइड लाइन का पालन करना होगा।
आंगनबाड़ी केंद्र अभी रहेंगे बंद
हल्द्वानी। बोर्ड परीक्षाओं के चलते 10 से लेकर 12 वीं तक के विद्यार्थियों के लिए भौतिक रूप से स्कूल भले ही खोल दिए हों, लेकिन अभी छोटे बच्चों का पूरा ध्यान रखा गया है। इसके साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों को भी राहत दी गई है। मुख्य सचिव सुखबीर सिंह संधू ने अपने आदेश में कहा है कि आंगनबाड़ी केंद्र अगले आदेश तक यथावत रहेंगे।
शिक्षा विभाग द्वारा स्कूल खोलने का जो आदेश दिया है वह सराहनीय है। स्कूल बंद होने के कारण पढ़ाई तो कराई जा रही थी, लेकिन जिस तरीके से होनी चाहिए वैसे नहीं हो रही थी। ऑनलाइन क्लास में जो कमियां रह गई हैं उन्हें पूरा किया जाएगा।
– कैलाश भगत, अध्यक्ष, पब्लिक स्कूल एसोसिएशन
