रुद्रपुर: सरकारी खाद सहित चोरी हुए ट्रक बरामद, छह गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। काशीपुर रोड पर फ्लाईओवर के नीचे छह लाख की सरकारी खाद (डीएपी) से भरे ट्रक की चोरी का खुलासा करते हुए एसओजी ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसओजी ने उनके पास से 500 कट्टे खाद व लाखों की नकदी बरामद की है जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया …

रुद्रपुर, अमृत विचार। काशीपुर रोड पर फ्लाईओवर के नीचे छह लाख की सरकारी खाद (डीएपी) से भरे ट्रक की चोरी का खुलासा करते हुए एसओजी ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसओजी ने उनके पास से 500 कट्टे खाद व लाखों की नकदी बरामद की है जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने पकड़े गये आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

शुक्रवार को पुलिस कार्यालय में मामले का खुलासा करते हुए एसपी सिटी ममता वोहरा ने बताया कि 23 जनवरी की रात को अज्ञात चोरों ने प्लाईओवर के नीचे काशीपुर रोड में खड़े ट्रक (यूके 06 सीए 2386) में रखे हुए करीब छह लाख रुपये कीमत के 500 बैग सरकारी डीएपी खाद चोरी कर ली थी। आरोपियों ने ट्रक को खाली करने के बाद काशीपुर रोड पर छोड़ दिया था।

इस मामले में ललित कुमार निवासी फ्रैंड्स कॉलोनी रुद्रपुर की ओर से कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। मामले के खुलासें के लिए विवेचक एसआई प्रदीप कुमार व एसओजी प्रभारी कमलेश भट्ट के नेतृत्व में दो टीमों का गठन किया गया था। सीसीटीवी फुटेजो, सर्विलांस व जानकारी जुटाते हुए टीम ने घटना में संलिप्त चार चोरों को बिना नंबर की बाइक सहित काशीपुर रोड फ्लाईओवर के नीचे से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम नरपाल सिंह निवासी शादी नगर हकीरा थाना मिलक खानम जिला रामपुर, धर्मेंद्र कुमार निवासी रटंगा बैरंगनगर थाना खजुरिया जिला रामपुर, रामपाल निवासी ग्राम मिर्जापुर थाना बडी बरेली और हर्ष कुमार निवासी ग्राम हरैय्या थाना कलडिया नवाबगंज जिला बरेली बताया।

एसपी सिटी ने बताया तलाशी लेने पर नरपाल, धर्मेंद्र व रामपाल के पास से 70-70 हजार रुपये व हर्ष कुमार के पास से 15 हजार रुपये बरामद हुए। यह रुपये आरोपियों ने चोरी किये माल को बेचने के बाद एकत्र किये थे। इस दौरान टीम में प्रभारी निरीक्षक विक्रम राठौर, एसएसआई सतीश चंद्र कापड़ी, एसआई सुरेंद्र प्रताप, तेज सिंह, भूपेंद्र रावत, भूपेंद्र आर्या, गणेश पांडे, प्रमोद कुमार, राजकुमार, रविंद्र सिंह, संजीव कुमार व ललित कुमार शामिल रहे।

950 रुपये प्रति कट्टे के हिसाब से बेची थी खाद
रुद्रपुर। एसपी सिटी ममता वोहरा ने बताया कि चारों आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने मो. अतीक निवासी ग्राम टाहकला थाना मिलक खानम रामपुर व भोला के साथ मिलकर चोरी का माल नावेद हसन निवासी ग्राम अहमद नगर थाना मिलक खानम रामपुर को 950 रुपये प्रति कट्टे के हिसाब से बेचा था। जिस पर पुलिस एवं एसओजी टीम ने नावेद हसन व मो. अतीक को मिलक खानम से गिरफ्तार कर लिया और नावेद हसन के गोदाम से 496 बैग डीएपी सरकारी खाद भी बरामद कर लिया। वही शेष बेचे गये खाद के कट्टो से जमा मो. अतीक के हिस्से में आये 29 हजार रुपये व नावेद हसन के पास से 10 हजार रुपये भी बरामद किये है। मामले में एक आरोपी भोला फरार है जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।

संबंधित समाचार