बाजपुर: सरकार पर धोखे का आरोप लगा विश्वासघात दिवस मनाया
बाजपुर, अमृत विचार। केंद्र सरकार पर किसानों के साथ धोखा करने का आरोप लगाते हुए संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर स्थानीय किसानों ने विश्वासघात दिवस मनाया। साथ ही भाकियू से जुड़े किसानों ने एसडीएम के माध्यम से राष्ट्रति को ज्ञापन भेजा। सोमवार को भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष कर्म सिंह पड्डा के नेतृत्व में …
बाजपुर, अमृत विचार। केंद्र सरकार पर किसानों के साथ धोखा करने का आरोप लगाते हुए संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर स्थानीय किसानों ने विश्वासघात दिवस मनाया। साथ ही भाकियू से जुड़े किसानों ने एसडीएम के माध्यम से राष्ट्रति को ज्ञापन भेजा।
सोमवार को भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष कर्म सिंह पड्डा के नेतृत्व में किसान एकत्र होकर एसडीएम दफ्तर पहुंचे और राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम आरसी तिवारी को सौंपा।
उनका कहना था कि संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले देशभर के किसानों ने केंद्र सरकार द्वारा लागू किसान विरोधी कानून को रद करने, न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी देने सहित अन्य किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ एक अभूतपूर्व आंदोलन चलाया गया था। सरकार की ओर से मिली आश्वासन की चिट्ठी पर भरोसा कर संयुक्त किसान मोर्चा ने दिल्ली के बॉर्डर पर लगे मोर्चा और तमाम धरना-प्रदर्शनों को 11 दिसंबर से उठा लेने का निर्णय लिया था, लेकिन एक बार फिर से देश के किसानों के साथ धोखा हुआ है।
भारत सरकार के नौ दिसंबर के जिस पत्र के आधार पर किसानों ने मोर्चे उठाने का फैसला किया था, सरकार ने उनमें से कोई वादा अभी तक पूरा नहीं किया। ज्ञापन में केंद सरकार को उसके लिखित वादों की याद दिलाने तथा इन्हें जल्द पूरा करवाने का अनुरोध राष्ट्रपति से किया गया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि सरकार अपने लिखित आश्वासन से मुकर जाती है तो किसानों के पास आंदोलन को दोबारा शुरू करने के अलावा और कोई रास्ता नहीं बचेगा।
इस मौके पर भाकियू के प्रदेश कोषाध्यक्ष दलजीत सिंह रंधावा, ब्लॉक अध्यक्ष प्रताप सिंह संधू, युवा विंग के ब्लॉक अध्यक्ष हरप्रीत सिंह निज्जर, विक्की रंधावा, देवेंद्र सिंह, मुख्तयार सिंह, गगन सरना, सतवंत सिंह, बल्ली सिंह चीमा, कुलविंदर सिंह, बाबू आदि मौजूद थे।
