बरेली: सौ करोड़ की टैक्स चोरी में 50 हजार का इनामी अजय जायसवाल गिरफ्तार
बरेली,अमृत विचार। सौ करोड़ रुपये की टैक्स चोरी में फरार 50 हजार रुपये के इनामी शराब कारोबारी अजय जायसवाल सोमवार को बरेली से पकड़ा गया। एसटीएफ लखनऊ ने उसे कर्मचारी नगर में साईं धर्मकांटे के पास राजेश शर्मा के मकान से गिरफ्तार किया है। अजय जायसवाल नाम बदलकर रह रहा था। एसटीएफ की पूछताछ में …
बरेली,अमृत विचार। सौ करोड़ रुपये की टैक्स चोरी में फरार 50 हजार रुपये के इनामी शराब कारोबारी अजय जायसवाल सोमवार को बरेली से पकड़ा गया। एसटीएफ लखनऊ ने उसे कर्मचारी नगर में साईं धर्मकांटे के पास राजेश शर्मा के मकान से गिरफ्तार किया है।
अजय जायसवाल नाम बदलकर रह रहा था। एसटीएफ की पूछताछ में अजय जायसवाल ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि आरोपी मनोज जायसवाल के कहने पर वह यहां छुपा था।
पूछताछ में आरोपी अजय ने मनोज जायसवाल को हाईप्रोफाइल मामले का मास्टरमाइंड बताते हुए कहा कि मनोज जायसवाल ने शराब कारोबार में गड़बड़ी करने के लिए मोटी रकम लगाई और मुझे मुख्य आरोपी बनवा दिया। कर्मचारी नगर से पहले वह आंवला क्षेत्र में रहा।
एसटीएफ ने पुख्ता इनपुट के आधार दबिश मारकर अजय को पकड़ा। उसे लखनऊ ले जाया गया है। एसटीएफ ने अजय को प्रकरण की जांच कर रही एसआईटी को सौंप दिया है।
एक बिल्टी पर दो ट्रक निकाल सौ करोड़ के टैक्स की चोरी की थी
एसटीएफ ने 3 मार्च, 2021 को सहारनपुर टपरी डिस्टिलरी में छापा मारकर एक बिल्टी पर शराब के दो ट्रक निकालकर सौ करोड़ रुपये की एक्साइज ड्यूटी की चोरी का मामला पकड़ा था। डिस्टिलरी मालिक प्रणय अनेजा समेत आठ लोग उस वक्त ही गिरफ्तार हुए थे।
इसमें मॉडल टाउन निवासी शराब कारोबारी मनोज जायसवाल और उसके उन्नाव निवासी रिश्तेदार अजय जायसवाल को करीब सौ करोड़ की टैक्स चोरी का मास्टर माइंड माना गया था। इसमें अजय के उन्नाव, कानपुर के गोदाम सीज करने के बाद बरेली में हरुनगला स्थित मनोज जायसवाल के शराब गोदाम से भी ट्रक शराब पकड़ा था।
एफआईआर के बाद मनोज जायसवाल के 21 डाउन-टाउन और तमाशा बार सील उनके लाइसेंस निलंबित किए गए थे। बीते शुक्रवार को मनोज की गिरफ्तारी के बाद अजय जायसवाल भी पकड़ा गया।
