काशीपुर: सरकारी अस्पताल में दंत रोग संबंधित आधुनिक मशीनें स्थापित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

काशीपुर, अमृत विचार। सरकारी अस्पताल की डेंटल यूनिट में नई मशीनें व एक्स-रे की सुविधा उपलब्ध हो गई है। जिससे निर्धन मरीजों को कुछ हद तक दांतों की बीमारी के इलाज के लिए प्राइवेट अस्पतालों की शरण लेने से छुटकारा मिल गया है। हालांकि कोरोना महामारी के चलते दंत बीमारी के मरीज अस्पताल की ओर …

काशीपुर, अमृत विचार। सरकारी अस्पताल की डेंटल यूनिट में नई मशीनें व एक्स-रे की सुविधा उपलब्ध हो गई है। जिससे निर्धन मरीजों को कुछ हद तक दांतों की बीमारी के इलाज के लिए प्राइवेट अस्पतालों की शरण लेने से छुटकारा मिल गया है। हालांकि कोरोना महामारी के चलते दंत बीमारी के मरीज अस्पताल की ओर कम ही रुख कर रहे हैं।

दरअसल डेढ़ दशक पूर्व एलडी भट्ट सरकारी अस्पताल में डेंटल यूनिट शुरू की गई थी। जहां आसपास के मरीजों को इलाज मुहैया हो रहा है। प्रयोग के चलते मशीन पुरानी होने पर अस्पताल को नई आधुनिक मशीन की दरकार बन गई थी। साथ ही एक्स-रे की सुविधा नहीं होने पर मरीजों को प्राइवेट अस्पतालों में धक्के खाने पड़ते थे। जिसके चलते उन्हें आर्थिक मार भी झेलनी पड़ रही थी।

1 जनवरी को नववर्ष पर विधायक निधि से लाखों की लागत से डेंटल यूनिट में नई डेंटल चेयर मशीन, दंत एक्स-रे मशीन और दांतों की सफाई मशीन लगाई गई है। अस्पताल को नई मशीनें तो मिल गईं, लेकिन फिलहाल कोरोना संक्रमण के चलते काफी कम मरीज ही दंत रोग संबंधित उपचार को पहुंच रहे हैं। जबकि महामारी से पूर्व भारी संख्या में मरीज इलाज को पहुंचते थे। इस दौरान दंत रोग विशेषज्ञ भी एकमात्र ही थी।

अब दो डॉ. शोभा कोठारी व डॉ. पारूल शर्मा मरीजों का इलाज कर रही हैं। दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. शोभा कोठारी ने बताया कि सरकारी अस्पताल की डेंटल यूनिट में नई मशीनें लगी हैं। एक्स-रे की सुविधा होने पर निर्धन मरीजों को लाभ मिलने लगा है। प्रतिदिन 25-30 मरीज दंत संबंधी समस्या के लिए पहुंच रहे हैं। इससे अस्पताल के राजस्व में भी वृद्धि होगी। अभी यूनिट में दांत लगाने की व्यवस्था नहीं है।

संबंधित समाचार