हल्द्वानी: एक महीने से ठप है ट्रांसफार्मर, बिजली कटौती से परेशान 20 हजार से अधिक की आबादी
हल्द्वानी, अमृत विचार। पिछले एक माह से कठघरिया का ट्रांसफार्मर खराब चल रहा है। ऐसे में ऊर्जा निगम काठगोदाम के ट्रांसफार्मर से लोगों को बिजली की सप्लाई दे रहा है। लेकिन ओवरलोडिंग होने की वजह से इन दिनों प्रतिदिन कटौती हो रही है। इसके चलते तकरीबन 20 हजार से अधिक की आबादी को परेशानियों का …
हल्द्वानी, अमृत विचार। पिछले एक माह से कठघरिया का ट्रांसफार्मर खराब चल रहा है। ऐसे में ऊर्जा निगम काठगोदाम के ट्रांसफार्मर से लोगों को बिजली की सप्लाई दे रहा है। लेकिन ओवरलोडिंग होने की वजह से इन दिनों प्रतिदिन कटौती हो रही है। इसके चलते तकरीबन 20 हजार से अधिक की आबादी को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बीते 10 दिनों से लगातार मुखानी से दमुवाढूंगा तक प्रतिदिन सुबह बिजली गुल हो रही है। ऐसे में लोग बिजली कटौती से परेशान हो गए हैं। लोगों का कहना है कि रोज सुबह काम के वक्त बिजली चली जाती है। इससे रोजमर्रा के काम प्रभावित हो जाते हैं। बच्चों के स्कूल भी चालू हो गए हैं और बिना बिजली के उन्हें तैयार करने में दिक्कतें आती हैं। इधर, ऊर्जा निगम के एसडीओ नीरज पांडे ने बताया कि कठघरिया का ट्रांसफार्मर खराब होने से काठगोदाम के ट्रांसफार्मर से लोगों को सप्लाई दी जा रही है। सर्दियों में बिजली की खपत भी अधिक हो जाती है। ऐसे में ओवरलोडिंग से कटौती हो रही है।
अगले सप्ताह से शुरू होगा नया बिजलीघर
हल्द्वानी। एसडीओ नीरज पांडे ने बताया कि अगले सप्ताह से हाईडिल स्थित ऊर्जा निगम का नया बिजलीघर शुरू हो रहा है। इस बिजलीघर के चालू होने से बिजली कटौती, लो वोल्टेज समेत कई समस्याओं से निजात मिलेगी। इस बिजलीघर से तकरीबन 15 हजार से अधिक की आबादी लाभांवित होगी।
