हल्द्वानी: फिर से बढ़ गई ठंड, सक्रिय हुआ पश्चिमी विक्षोभ
हल्द्वानी, अमृत विचार। कोहरे और बादल की वजह से ठंड में बढ़ोत्तरी हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दो दिनों तक मौसम में बदलाव बना रहेगा। हल्द्वानी में बुधवार सुबह से कोहरा और बादल छाए हुए थे। एक बार फिर से ठिठुरन बढ़ गई है। विगत कई दिनों से लोगों को दिन …
हल्द्वानी, अमृत विचार। कोहरे और बादल की वजह से ठंड में बढ़ोत्तरी हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दो दिनों तक मौसम में बदलाव बना रहेगा। हल्द्वानी में बुधवार सुबह से कोहरा और बादल छाए हुए थे। एक बार फिर से ठिठुरन बढ़ गई है। विगत कई दिनों से लोगों को दिन के समय धूप मिल रही थी, लेकिन अब फिर से शीतलहर चलने लगी है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई इलाकों में वर्षा और बर्फबारी हो सकती है। इसके कारण मौसम में ठंडक में इजाफा होने का अनुमान है। कई पहाड़ी क्षेत्रों में हाड़ कंपाने वाली ठंड लोगों को परेशान कर सकती है। मौसम विभाग ने कहा है कि राज्य के उत्तरकाशी, चमोली व पिथौरागढ़ जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, 25 सौ मीटर से ज्यादा ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ भी गिर सकती है।
मौसम विभाग ने राज्य के अन्य स्थानों पर मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया है। हालांकि, विभाग ने किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की है। दूसरी ओर, उन्होंने राजधानी दून और आसपास के इलाकों में दोपहर बाद हल्के बादल छाये रहने की संभावना जताई है। हल्द्वानी में न्यूनतम तापमान 5.2 और मुक्तेश्वर में माइनस 0.1 डिग्री दर्ज किया गया है।
