हल्द्वानी और कालाढूंगी से नैनीताल जाने वाले रास्ते बर्फ से बंद, पाले से बढ़ी फिसलन
हल्द्वानी, अमृत विचार। बर्फबारी तो रुक गई, लेकिन पहाड़ को जाने वाले रास्तों पर दुश्वारियां अब भी बरकरार हैं। बर्फ से लकदक रास्ते दो दिन गुजर जाने के बावजूद सफर के लायक नहीं हुए हैं। ऐसे में बर्फ देखने की ख्वाहिश लिए पहाड़ की ओर निकले लोगों को मायूस होकर लौटना पड़ा। बर्फबारी से सबसे …
हल्द्वानी, अमृत विचार। बर्फबारी तो रुक गई, लेकिन पहाड़ को जाने वाले रास्तों पर दुश्वारियां अब भी बरकरार हैं। बर्फ से लकदक रास्ते दो दिन गुजर जाने के बावजूद सफर के लायक नहीं हुए हैं। ऐसे में बर्फ देखने की ख्वाहिश लिए पहाड़ की ओर निकले लोगों को मायूस होकर लौटना पड़ा।
बर्फबारी से सबसे ज्यादा लकदक नैनीताल है। जहां बर्फबारी की वजह से बिजली भी गुल है और पेयजल संकट भी खड़ा हो गया है। बर्फबारी की वजह से शुक्रवार को ज्योलीकोट पर यातायात रोक दिया गया था। ज्योलीकोट से नैनीताल के रास्ते पर भारी बर्फ जमी है और प्रशासन इस सड़क को खोलने की पुरजोर कोशिश में जुटा है। पहले माना जा रहा था शनिवार दोपहर तक आम लोगों के लिए यह रास्ता खोल दिया जाएगा, लेकिन ऐसा हो नहीं सका। अब यह माना जा रहा है कि रविवार को ज्योलीकोट वाया नैनीताल रोड को यातायात के लिए सामान्य किया जा सकता है।
दूसरी ओर कालाढूंगी से नैनीताल जाने वाला रास्ता भी पूरी तरह बाधित हैं। इस रास्ते पर सबसे ज्यादा बर्फ जमी है और पुलिस-प्रशासन की मानें तो आने वाले कुछ दिनों तक इस रास्ते को सामान्य नहीं किया जा सकेगा। इस रास्ते पर कुछ पर्यटक भी फंसे थे, जिन्हें शनिवार को सकुशल निकाल लिया गया। इसके अलावा भवाली से रामगढ़ और मुक्तेश्वर के रास्तों पर बर्फ होने की वजह से रास्ते बंद हैं। यहां प्रशासन जेसीबी की मदद से रास्ते खोलने में जुटी है।
बर्फ पर जमे पाले ने बढ़ाई दुश्वारियां
एसएसपी पंकज भट्ट ने बताया कि बर्फ के ऊपर पाला जम गया है। इससे फिसलन बहुत बढ़ गई है। फिसलन की वजह से रास्तों को खोलने में परेशानी आ रही है। पाला जमने की वजह से भी लोगों को वाहन ले जाने से बचने की सलाह दी जा रही है। हालांकि जेसीबी के जरिये बर्फ हटाने का काम तेजी से किया जा रहा है।
भीमताल-भवाली होते हुए जा सकते हैं नैनीताल
नैनीताल आने-जाने के लिए सिर्फ एक रास्ता खुला है। हल्द्वानी से अगर आपको नैनीताल जाना है तो भीमताल वाया भवाली होते हुए नैनीताल जा सकते हैं। इसके अलावा नैनीताल को जोड़ने वाले सभी मार्ग बंद हैं। इधर, मलबा आने से बंद हुए भवाली-अल्मोड़ा राज मार्ग को आवागमन के लिए सुचारू कर दिया गया है।
