हल्द्वानी: खड़कपुर जंगल में मिला टस्कर का कंकाल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी/लालकुआं, अमृत विचार। तराई पूर्वी वन प्रभाग के मोटाहल्दू क्षेत्र के खड़कपुर जंगल में मंगलवार को एक टस्कर का कंकाल मिला है, जिसकी उम्र करीब 50 साल थी। वन विभाग की टीम ने पोस्टमार्टम कर कंकाल को दफना दिया। मृत हाथी के विसरा को जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है, जिसे जांच के लिए …

हल्द्वानी/लालकुआं, अमृत विचार। तराई पूर्वी वन प्रभाग के मोटाहल्दू क्षेत्र के खड़कपुर जंगल में मंगलवार को एक टस्कर का कंकाल मिला है, जिसकी उम्र करीब 50 साल थी। वन विभाग की टीम ने पोस्टमार्टम कर कंकाल को दफना दिया। मृत हाथी के विसरा को जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है, जिसे जांच के लिए डब्ल्यूआईआई देहरादून और आईवीआरआई बरेली भेजा जाएगा।

जिससे मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके। हालांकि मृत हाथी के शरीर पर किसी तरह की चोट का निशान नहीं मिला, इसलिए माना जा रहा है कि हाथी की मौत बीमार होने से हुई होगी।

सुबह सात बजे गौला नदी में काम करने जा रहे श्रमिकों ने जंगल में हाथी का कंकाल देखा, उन्होंने इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना पाकर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। हाथी का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे दफना दिया गया और जांच के लिए विसरा सुरक्षित रख दिया गया है।

तराई पूर्वी वन प्रभाग गौला रेंज के वनक्षेत्राधिकारी आरपी जोशी ने बताया कि टस्कर हाथी की उम्र करीब 50 साल थी। प्रथम दृष्टया हाथी के मौत का कारण प्राकृतिक है, ऐसा लगता है हाथी काफी समय से बीमार चल रहा था। कहा कि जांच के लिए विसरा भेजा जाएगा। बाकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो पाएगी।

संबंधित समाचार