हल्द्वानी: युवक की हत्या ! लहूलुहान लाश लेकर घर पहुंचे दोस्त

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी,अमृत विचार। दोस्तों के साथ घूमने निकले युवक की रक्तरंजित लाश लेकर दोस्त घर पहुंचे तो कोहराम मच गया। दोस्तों ने मौत के पीछे सड़क हादसे की कहानी गढ़ी, जो परिजनों के गले नहीं उतरी। इसके बाद परिजनों ने दोस्तों पर ही हत्या का आरोप लगाते हुए मुखानी पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने घुमाने …

हल्द्वानी,अमृत विचार। दोस्तों के साथ घूमने निकले युवक की रक्तरंजित लाश लेकर दोस्त घर पहुंचे तो कोहराम मच गया। दोस्तों ने मौत के पीछे सड़क हादसे की कहानी गढ़ी, जो परिजनों के गले नहीं उतरी। इसके बाद परिजनों ने दोस्तों पर ही हत्या का आरोप लगाते हुए मुखानी पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने घुमाने ले गए दोनों फरार दोस्तों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।

गुसाईंपुर मुखानी निवासी गोपाल राम (24) पुत्र स्व. राम लाल पेशे से पेंटर था। गोपाल यहां अपनी मां सरस्वती, पत्नी गौरी व बेटे गोलू के साथ रहता था। गोपाल के दो दोस्त हैं, जो घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर प्रेमपुर लोश्ज्ञानी में रहते हैं। इनमें से एक मुकुल है, जो कैंटर चालक है और दूसरा इसी कैंटर का क्लीनर। बुधवार शाम करीब चार बजे मुकुल और कैंटर का क्लीनर गोपाल को घर के पास स्थित चौराहे पर मिला। जहां से मुकुल यह कहकर उसे साथ ले गया कि घूमने चल रहे हैं। इसके बाद शाम करीब पौने छह बजे मुकुल और क्लीनर, गोपाल की लाश कैंटर से लेकर उसके घर पहुंच गए। लाश लहूलुहान थी, जिसे देखकर घर में कोहराम मच गया।

जानकारी पाकर पास ही रहने वाले गोपाल के भाई मोहन राम भी मौके पर पहुंच गए। लाश की हालत देख कर मोहन ने मौत का कारण पूछा तो मुकुल और उसके क्लीनर दोस्त ने सड़क हादसे में मौत की बात कही लेकिन हादसे में मौत की कहानी घरवालों के गले नहीं उतरी। जिसके बाद लोगों ने इसकी सूचना मुखानी पुलिस को दी। इस पर आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

मृतक के भाई मोहन की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 304ए के तहत मामला दर्ज कर लिया और टीम को दोनों आरोपियों की तलाश में लगा दिया। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को आरटीओ चौकी क्षेत्र से हिरासत में लेकर जेल भेज दिया गया है। मुखानी थानाध्यक्ष दीपक बिष्ट ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।

एक साल पहले शादी, डेढ़ माह का बेटा छोड़ गया मृतक
गोपाल के भाई मोहन ने बताया कि वे मूलरूप से नेपाल के रहने वाले हैं। मोहन ने बताया 14 महीने पहले गोपाल की गौरी से शादी हुई थी। जिससे उनको एक बेटा गोलू है और गोलू की उम्र महज डेढ़ माह है। 14 महीने की शादी और डेढ़ माह के बच्चे को छोड़ कर चले जाने से मृतक गोपाल की पत्नी गौरी को गहरा सदमा लगा है।

आरोपी बोले, चलते कैंटर से गिर कर हुई गोपाल की मौत
मुखानी थानाध्यक्ष दीपक बिष्ट ने आरोपियों से पूछताछ की। आरोपियों में मुकुल ने कुबूल किया कि वह चौराहे से गोपाल को दूध के कैंटर में साथ ले गए। मुकुल तेजी और बेहद लापरवाही से कैंटर चला रहा था। इस वक्त गोपाल कैंटर के गेट पर बैठा और मुकुल की लापरवाही से गोपाल कैंटर से गिरा और कैंटर के नीचे आने से उसकी मौत हो गई।

संबंधित समाचार