बिजनौर : कॉलोनी में घूमने निकला हाथी, फायर करके भगाया
बिजनौर/कालागढ़, अमृत विचार। बीते शनिवार की रात नगर की नई कॉलोनी रामगंगा में एक हाथी घुमने निकल आया। सड़क पर वह काफी देर रुका रहा। इससे यातायात बाधित रहा और कॉलोनी के लोगों में भी दशहत फैल गई। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने हवाई फायर कर हाथी को जंगल में भगाया। नगर …
बिजनौर/कालागढ़, अमृत विचार। बीते शनिवार की रात नगर की नई कॉलोनी रामगंगा में एक हाथी घुमने निकल आया। सड़क पर वह काफी देर रुका रहा। इससे यातायात बाधित रहा और कॉलोनी के लोगों में भी दशहत फैल गई। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने हवाई फायर कर हाथी को जंगल में भगाया।
नगर में कार्बेट पार्क की दक्षिणी सीमा पर रामगंगा बांध परियोजना की नई कॉलोनी है। कार्बेट पार्क से सटे होने के कारण इधर जंगली जानवर आते रहते हैं। शनिवार की शाम भी एक विशालकाय हाथी इधर घुमने निकल आया। वह कॉलोनी के मुख्य चौराहे पर आया तो उधर से गुजर रहे यात्री ठहर गए। कुछ लोग उसे भगाने का प्रयास कर रहे थे तो कुछ लोग वीडियो व फोटो आदि ले रहे थे।
दूसरी ओर कॉलोनी के लोगों में दहशत फैल गई। काफी प्रयास के बाद भी हाथी वहां से नहीं गया तो वन विभाग को सूचना दी गई। टीम ने भी हाथी को खदेड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह टस से मस नहीं हुआ। वन कर्मियों ने चार राउंड हवाई फायर किए। हाथी दहशत में आया और जंगल की ओर निकल गया। इसके बाद ही कालोनी के लोगों ने राहत की सांस ली और सड़क पर ठहरे लोग अपने गंतव्य को निकले।
कॉलोनी के लोगों ने बताया कि आए दिन जंगली जानवर इधर आते रहते हैं। करीब दस दिन पहले भी एक जंगली हाथी चौराहे पर आ गया था। जिससे लोगों में दहशत फैल गई थी। उसको भी किसी तरह जंगल में भगाया। लोगों की मांग थी कि वन विभाग को कॉलोनी की सुरक्षा के लिए इंतजाम करने चाहिए। वन विभाग टीम के सदस्य सुनील कुमार चौहान, वन दरोगा प्रकाशचन्द्र मठपाल व महावत नायाब खां आदि ने बताया कि वह कॉलोनी की समस्या से अधिकारियों को अवगत कराकर समाधान कराएंगे।
