पीलीभीत: गोलीकांड में नाम आते ही होमगार्ड की बढ़ीं मुश्किलें, पुलिस ने घर पर दी दबिश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार। बीयर बार में हुए गोलीकांड में संलिप्तता उजागर होने के बाद होमगार्ड की मुश्किल बढ़ती दिखाई दे रही है। एक तरफ पुलिस उसकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। वहीं, दूसरी तरफ मामला संज्ञान में आने पर विभागीय अधिकारियों ने भी होमगार्ड के बारे में जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है। इससे …

पीलीभीत, अमृत विचार। बीयर बार में हुए गोलीकांड में संलिप्तता उजागर होने के बाद होमगार्ड की मुश्किल बढ़ती दिखाई दे रही है। एक तरफ पुलिस उसकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। वहीं, दूसरी तरफ मामला संज्ञान में आने पर विभागीय अधिकारियों ने भी होमगार्ड के बारे में जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है। इससे उस पर विभागीय तलवार भी लटक गई है।

मोहल्ला अशरफ खां निवासी ठेकेदार मोहम्मद कासिफ को बीते मंगलवार को विवाद के बाद तमंचे से गोली मार दी गई थी। झगड़ा सुनगढ़ी क्षेत्र के छतरी चौराहा के पास स्थित मीनार बार के काउंटर से शुरू हुआ था। जिसके बाद बार गेट पर पहुंचते ही गोली चला दी थी। ठेकेदार के पिता यामीन खां की ओर से रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मुख्य आरोपी पूर्व नगर पालिका चेयरमैन के दो भतीजे मोहल्ला डोरीलाल निवासी विवेक अग्रवाल, अमन समेत चार लोगों को जेल भेज चुकी है।

होमगार्ड समेत दो अन्य आरोपियों की संलिप्तता के साक्ष्य पुलिस को मिले थे। जिसके बाद उनकी धरकपड़ को टीमें लगी हुई है, लेकिन गिरफ्तारी अभी नहीं हो सकी है। कोतवाली पुलिस ने होमगार्ड के बारे में जानकारी जुटाई। कई जगह दबिश भी दी। जिसमें होमगार्ड के सड़क हादसे में घायल होने की जानकारी मिली है। ऐसे में अब उसके स्वस्थ होने का इंतजार किया जा रहा है। उधर, जिला कमांडेंट होमगार्ड अंकिता श्रीवासतव ने भी प्रकरण में होमगार्ड के नाम की चर्चा बढ़ने पर जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है।

इससे उस पर विभागीय कार्रवाई के भी आसार बनने लगे हैं। हालांकि अभी पुलिस की ओर से होमगार्ड के अधिकारियों को कोई पत्राचार या फिर मौखिक सूचना नहीं दी गई है। कोतवाल हरीश वर्धन सिंह ने बताया कि विवेचना चल रही है। एसओजी टीम की मदद से कार्रवाई कराई जा रही है। होमगार्ड के घायल होने की जानकारी मिली है। इसे लेकर भी पड़ताल भी तेज कर दी है। तथ्यों के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इसे भी पढ़ें-

पीलीभीत: सफाई कर्मचारी की मौत के बाद कर्मचारियों ने किया हंगामा

 

 

संबंधित समाचार