सफाईकर्मी की मौत पर गुस्साए कर्मचारी, दूसरे दिन भी प्रदर्शन जारी
अमृत विचार, पीलीभीत। कल ड्यूटी के दौरान अचानक तबियत बिगड़ने के बाद हुई सफाईकर्मी की मौत के मामले में दूसरे दिन भी हंगामा चलता रहा। बड़ी संख्या में एकत्र हुए सफाई कर्मचारियों ने विकास भवन परिसर में प्रदर्शन किया। इसके बाद अपनी मांगों से जुड़ा ज्ञापन डीपीआरओ को सौंपा। जिसमें मृतक के परिवार को आर्थिक …
अमृत विचार, पीलीभीत। कल ड्यूटी के दौरान अचानक तबियत बिगड़ने के बाद हुई सफाईकर्मी की मौत के मामले में दूसरे दिन भी हंगामा चलता रहा। बड़ी संख्या में एकत्र हुए सफाई कर्मचारियों ने विकास भवन परिसर में प्रदर्शन किया। इसके बाद अपनी मांगों से जुड़ा ज्ञापन डीपीआरओ को सौंपा।
जिसमें मृतक के परिवार को आर्थिक मदद देने के साथ ही अन्य कर्मचारियों के सामने आ रही दिक्कतों के समाधान की मांग की गई। इसे लेकर दिन भर खलबली मची रही। प्रशासन की ओर से न्यूरिया बाईपास पर मतदाता जागरूकता को रंगोली कार्यक्रम आयोजित किया जाना है।
इसे लेकर बाईपास पर सफाई कराने के लिए गुरुवार को अमरिया और मरौरी ब्लॉक के सैकड़ों सफाईकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। दोपहर करीब दो बजे अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद एक सफाईकर्मी मोहल्ला छोटा खुदागंज निवासी राजेंद्र कुमार (47) की मौत हो गई थी। अव्यवस्थाओं का हवाला देते हुए साथी कर्मचारियों ने हंगामा भी किया था।
डीपीआरओ सुबोध जोशी के समझाने पर कर्मचारी शांत हो सके थे। दूसरे दिन शुक्रवार को भी सफाईकर्मी की मौत का मामला गरमाया रहा। उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष धर्मपाल सिंह, महामंत्री रामसेवक वाल्मीकि की अगुवाई में सैकड़ों सफाईकर्मी विकास भवन परिसर में एकत्र हुए। एक दिन पूर्व हुई साथी की मौत पर नाराजगी जताई।
विकास भवन परिसर में नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। जिसके बाद डीपीआरओ को अपनी मांगों से जुड़ा ज्ञापन सौंपा। इस दौरान यह भी कहा कि ड्यूटी के नाम पर अधिकारियों की मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मृतक सफाईकर्मी के परिवार की हरसंभव मदद की जाए। देयों का भुगतान करने से लेकर परिवार के सदस्य को नौकरी देने की कार्रवाई जल्द पूरी कराई जाए। ऐसा न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई।
ये भी पढ़ें-
स्वच्छ सर्वेक्षण: दिल्ली की टीम धरातल पर देख रही ग्रामीण क्षेत्रों की असलियत
