रुद्रपुर: इंटरार्क के श्रमिक रात को कंपनी बंद करने से भड़के
रुद्रपुर, अमृत विचार। इंटरार्क मजदूर संगठन सिडकुल पंतनगर के अध्यक्ष दलजीत सिंह ने फैक्ट्री प्रबंधन पर शनिवार की रात चार दर्जन मशीनें चोरी-छिपे कंपनी से बाहर भेजने का आरोप लगाया है। साथ ही माल बाहर भेजने के लिए कंपनी पर रात की शिफ्ट बंद करने का आरोप भी लगाया। रविवार को कंपनी गेट पर आयोजित …
रुद्रपुर, अमृत विचार। इंटरार्क मजदूर संगठन सिडकुल पंतनगर के अध्यक्ष दलजीत सिंह ने फैक्ट्री प्रबंधन पर शनिवार की रात चार दर्जन मशीनें चोरी-छिपे कंपनी से बाहर भेजने का आरोप लगाया है। साथ ही माल बाहर भेजने के लिए कंपनी पर रात की शिफ्ट बंद करने का आरोप भी लगाया।
रविवार को कंपनी गेट पर आयोजित सभा को संबोधित करते अध्यक्ष दलजीत ने कहा कि शनिवार की नाइट शिफ्ट के कर्मचारियों को बी शिफ्ट की ड्यूटी के लिए प्रबंधन ने बुलाया और नाइट शिफ्ट में कार्य नहीं कराया। इस दौरान रात में पांच गाड़ी कच्चा माल व मशीने कंपनी से बाहर गैरकानूनी तरीके से भेज दी गईं। वही, रात में मशीनों को बाहर ले जाने की सूचना मिलने पर यूनियन के सभी सदस्य कंपनी गेट पर पहुंच गए, जिससे प्रबंधन की साजिश नाकाम हो गई।
जिसकी सूचना पुलिस को भी दी गई थी। उन्होनें कहा कि प्रबंधन चोरी छिपे कंपनी बंद करने का प्रयास कर रहा है। 18 फरवरी को कंपनी प्रबंधन ने नोटिस बोर्ड पर एक माह में कंपनी बंद कर देने की सूचना भी चस्पा कर दी है। संगठन के महामंत्री सौरभ कुमार ने कहा कि कंपनी बंद होने से सैकड़ो मजदूर बेरोजगार हो जाएंगे।
कहा कि इसकी शिकायत उन्होंने जिला व पुलिस प्रशासन से की है। यदि इस मामले में शीघ्र कार्यवाही नहीं हुई तो यूनियन आंदोलन के लिए बाध्य होगी। इस दौरान विरेंद्र, रामेश्वर, श्रीराम, अनूप, सुधीर, रंजीत, देवेंद्र, विनोद, राहुल, विनय, विकास आदि मौजूद थे।
