लखनऊ: प्रेम प्रसंग में प्रतापगढ़ के तहसीलदार ने की थी महिला कांस्टेबल की हत्या, हत्यारोपी गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। पिछले एक सप्ताह से लापता चल रही महिला कांस्टेबल रुचि की हत्या का खुलासा हो गया है। दरअसल प्रतापगढ़ के रानीगंज में तैनात तहसीलदार पद्मेश कुमार ने प्रेम प्रसंग में शादी का दबाव बनाने के चलते रुचि सिंह की हत्या कर दी थी। इसके बाद शव को पीजीआई थानांतर्गत माती नाले में फेंक दिया …

लखनऊ। पिछले एक सप्ताह से लापता चल रही महिला कांस्टेबल रुचि की हत्या का खुलासा हो गया है। दरअसल प्रतापगढ़ के रानीगंज में तैनात तहसीलदार पद्मेश कुमार ने प्रेम प्रसंग में शादी का दबाव बनाने के चलते रुचि सिंह की हत्या कर दी थी। इसके बाद शव को पीजीआई थानांतर्गत माती नाले में फेंक दिया था। गुरुवार को माती नाले से बरामद शव की रुचि के शव के रूप में उसके परिजनों ने शिनाख्त कर पुष्टि की। इसके बाद पुलिस ने हत्यारोपी तहसीलदार पद्मेश को रायबरेली के ट्रांजिट हॉस्टल से छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया है।

फेसबुक से हुई थी दोस्ती, पूर्व से शादीशुदा थी रुचि

मिली जानकारी के अनुसार, बिजनौर निवासी रुचि की फेसबुक के माध्यम से करीब पांच साल पूर्व प्रयागराज निवासी पद्मेश से दोस्ती हुई थी। दोनों में प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। परिजनों की सहमति न होने के कारण 2019 में रुचि की कांस्टेबल नीरज से शादी कर दी गई। पर पद्मेश के कहने पर रुचि ने नीरज को तलाक दे दिया। इसके बाद भी पद्मेश रुचि से शादी के लिए इनकार करता रहा। रुचि ने शादी करने के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया। इसी बीच रुचि का बाराबंकी के असंद्रा थाने से लखनऊ के पीजीआई थाना में ट्रांसफर हो गया।

13 फरवरी से गुमशुदा थी रुचि

पीजीआई थाना प्रभारी धर्मेंद ने बताया कि रुचि पिछले 13 फरवरी से लापता थी। साथियों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। गुरुवार को माती नाले में मिला शव रुचि के जैसा ही दिख रहा था। शक होने पर बिजनौर से रुचि के पिता योगेंद्र और भाई शुभम को बुलाया गया। दोनों ने पोस्टमार्टम में शव की पहचान रुचि के रूप में की।

कॉल डिटेल से हुआ खुलासा, गला दबा कर की थी हत्या

रुचि के मोबाइल फोन से कॉल डिटेल निकालने पर पद्मेश के नंबर के कई कॉल मिले। इसमें 13 फरवरी को भी कॉल के रिकॉर्ड मिले। परिजनों ने भी प्रेम संबंध की बात बताई। इसके आधार पर रायबरेली के ट्रांजिट हॉस्टल से पद्मेश को गिरफ्तार किया गया। पद्मेश ने बताया कि रुचि बार-बार शादी के लिए दबाव बनाती थी, नहीं तो पुलिस केस करने की धमकी देती थी। इसी के चलते 13 फरवरी को उसने रुचि को मिलने बुलाया था। जहां उसने रुचि का तकिये से मुंह दबाकर व गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को कार से ले जाकर माती नाले में फेंक दिया। पुलिस ने कार भी बरामद कर ली है।

माती नाले से मिले शव की पहचान 13 फरवरी से लापता महिला कांस्टेबल रुचि सिंह के रूप में हुई है। प्रतापगढ़ के एक तहसीलदार ने प्रेम प्रसंग के चलते रुचि की हत्या की थी और शव को माती नाले में फेंक दिया था। हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

-धर्मेंद्र, प्रभारी निरीक्षक, पीजीआई थाना

यह भी पढ़ें: वाराणसी: विग में छुपाकर 32 लाख का सोना ला रहा था तस्कर, एयरपोर्ट पर हुआ गिरफ्तार

संबंधित समाचार