हल्द्वानी: तराई पूर्वी वन डिवीजन ने पूरी की तैयारियां, वन प्रहरी की नियुक्ति से लेकर फायर लाइन की सफाई शुरू

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। उत्तराखंड की सबसे बड़ी वन डिवीजन तराई पूर्वी ने वनाग्नि से निबटने के लिए तैयारियां शुरू कर दी है। तराई पूर्वी वन डिवीजन का जंगल नैनीताल से ऊधमसिंह नगर तक 82,489 हेक्टेयर में फैला हुआ है। इस जंगल को आग से बचाने के लिए वन विभाग ने कवायद शुरू कर दी है। जंगलों …

हल्द्वानी, अमृत विचार। उत्तराखंड की सबसे बड़ी वन डिवीजन तराई पूर्वी ने वनाग्नि से निबटने के लिए तैयारियां शुरू कर दी है। तराई पूर्वी वन डिवीजन का जंगल नैनीताल से ऊधमसिंह नगर तक 82,489 हेक्टेयर में फैला हुआ है। इस जंगल को आग से बचाने के लिए वन विभाग ने कवायद शुरू कर दी है। जंगलों में फायर सीजन की तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं।

वन डिवीजन के हीरा नगर स्थित हेड क्वार्टर में एक मास्टर कंट्रोल रूम बनाया है। डिवीजन के 56 क्रू स्टेशन को अलर्ट मोड पर जारी कर दिया गया है। इनमें 24 घंटे वन कर्मचारियों को सक्रिय किया गया है। जैव विविधता समितियों से 149 वन प्रहरियों की नियुक्ति की गई है। इसके अलावा 71 नए वन गार्ड समेत 550 से ज्यादा का स्टाफ भी तैनात किया गया है। 709 किमी की फायर लाइन की सफाई की जा रही है जो कि 15 मार्च तक पूरी हो जाएगी। इसी के साथ ही सभी कर्मचारियों और अधिकारियों को भी मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं।

सैटेलाइट की सूचना पर होगी त्वरित कार्रवाई

वन विभाग को सैटेलाइट (मोडीज) के जरिए जंगलों में आग की सूचना का संदेश प्राप्त होगा। यह संदेश सीधे मास्टर कंट्रोल रूम में जाएगा। जहां से संबंधित क्रू स्टेशनों को वनाग्नि की सूचना दी जाएगी ताकि आग पर तुरंत काबू पाया जा सके। इसके लिए एमसीआर में 24 घंटे कर्मचारियों की तैनाती कर दी गई है।

जंगलों की आग से बचाने के लिए सभी तैयारियां कर ली गई हैं। 15 मार्च तक फायर लाइन की सफाई हो जाएगी। जैव विविधता समितियों से 149 वन प्रहरी समेत 550 वन कर्मचारियों को वनाग्नि के लिए नियुक्त किया गया है।

= संदीप कुमार, डीएफओ तराई पूर्वी वन डिवीजन, हल्द्वानी

 

 पिछले साल हुई थीं वनाग्नि की 10 घटनाएं 

तराई पूर्वी वन डिवीजन में पिछले साल 2021-22 में वनाग्नि की महज 10 घटनाएं हुई थीं। इनमें 3.10 हेक्टेयर जंगल जलकर राख हुआ था। अब वन अधिकारी इन घटनाओं को भी रोकने की तैयारी कर रहा है।

संबंधित समाचार