रुद्रपुर: 12 साल से फरार हत्यारोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
रुद्रपुर, अमृत विचार। पुलिस कार्यालय में मामले का खुलासा करते हुए एसपी सिटी ममता वोहरा ने बताया कि वर्ष 1995 में जरनैल सिंह निवासी बिचई थाना नानकमत्ता आदि ने ग्राम के ही निवासी मक्खन सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी। जिस सम्बन्ध में थाना नानकमत्ता में रिपोर्ट दर्ज कर जरनैल सिंह को गिरफ्तार कर …
रुद्रपुर, अमृत विचार। पुलिस कार्यालय में मामले का खुलासा करते हुए एसपी सिटी ममता वोहरा ने बताया कि वर्ष 1995 में जरनैल सिंह निवासी बिचई थाना नानकमत्ता आदि ने ग्राम के ही निवासी मक्खन सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी। जिस सम्बन्ध में थाना नानकमत्ता में रिपोर्ट दर्ज कर जरनैल सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
उन्होंने बताया कि जिला एवं सत्र न्यायाधीश द्वारा इस मामले में जरनैल सिंह आदि को सिद्धदोष पाते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई। जिसकी अपील जरनैल सिंह आदि ने उच्च न्यायालय नैनीताल में कर जमानत प्राप्त कर ली थी। बाद में न्यायालय ने उसकी जमानत अपील खारिज कर दी थी।
जिसकी भनक लगते ही जरनैल सिंह परिवार सहित नानकमत्ता छोड़कर फरार हो गया था। जो करीब 12 वर्षों से लगातार फरार चल रहा था। बताया कि जिला एवं सत्र न्यायाधीश द्वारा जरनैल सिंह के गिरफ्तारी वारण्ट जारी किए गये थे। वही पुलिस द्वारा उस पर दस हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
बीते दिनों एसओ नानकमत्ता को मुखबिर से जानकारी मिली कि जरनैल सिंह अपने परिवार के साथ ग्राम आमोर, फाजिल्का, पंजाब में रह रहा है। जिसकी गिरफ्तारी के लिए एक टीम गठिन कर पंजाब भेजी गई थी। टीम ने वहां उसका पता लगाते हुए जरनैल सिंह को उसके हाल पते ग्राम कडक्का सिंह डांडी थाना सिटी-1 तहसील आभोर जिला फाजिल्का, पंजाब से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी को पुलिस ने कोर्ट में पेशकर जेल भेज दिया। इस दौरान पुलिस टीम में एसआई जावेद मलिक, सिपाही आसिफ हुसैन और नवनीत कुमार शामिल थे।
