हल्द्वानी: एनी डेस्क ऐप डाउनलोड किया और साफ हो गए 74 हजार
हल्द्वानी, अमृत विचार। लाख कोशिश और प्रचार-प्रसार के बावजूद लोग साइबर ठगी का शिकार हो रहे हैं। एक और मामले में जालसाज ने बैंक अधिकारी बनकर पीड़ित से एनी डेस्क ऐप डाउनलोड कराया और खाते से 74 हजार साफ कर दिए। ये सब केवल सर्च इंजन गूगल पर कस्टमर केयर का नंबर सर्च करने की …
हल्द्वानी, अमृत विचार। लाख कोशिश और प्रचार-प्रसार के बावजूद लोग साइबर ठगी का शिकार हो रहे हैं। एक और मामले में जालसाज ने बैंक अधिकारी बनकर पीड़ित से एनी डेस्क ऐप डाउनलोड कराया और खाते से 74 हजार साफ कर दिए। ये सब केवल सर्च इंजन गूगल पर कस्टमर केयर का नंबर सर्च करने की वजह से हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच साइबर सेल के सुपुर्द कर दी है।
भारत पब्लिक स्कूल काशीपुर के पास रहने वाले पंकज तोमर ने बताया कि उन्होंने क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन किया था और जब उन्हें क्रेडिट कार्ड नहीं मिला तो उन्होंने बैंक के कस्टमर केयर से बात करने की सोची। इस पर उन्होंने गूगल पर कस्टमर केयर का नंबर तलाशा और फोन लगा दिया।
जिससे पंकज की बात हुई, उसने खुद को एसबीएम बैंक का कस्टमर केयर अधिकारी बताया। उसके कहने पर पंकज ने एनी डेस्क ऐप डाउनलोड कर लिया। इसके बाद मोबाइल का सारा कंट्रोल जालसाज के हाथ में आ गया। उसने पंकज से क्रेडिट कार्ड से संबंधित सारी जानकारी ली और चार बार में उनके खाते से 74,962 रुपये साफ कर दिए।
जब पैसे कटने का मैसेज मोबाइल पर आया तो पंकज के होश फाख्ता हो गए। जब ये घटना घटी, उस वक्त पंकज हल्द्वानी रामपुर रोड काशीपुर अर्बन को आपरेटिव बैंक में थे। पुलिस ने पंकज की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच साइबर सेल के सुपुर्द कर दी है।
