काशीपुर: दबिश देने आई यूपी पुलिस को ग्रामीणों ने बनाया बंधक
काशीपुर, अमृत विचार। मारपीट के एक मामले में आईटीआई थाना क्षेत्र के एक गांव में दबिश देने आई यूपी पुलिस को ग्रामीणों ने बंधक बना लिया। सूचना पर आईटीआई थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों के साथ ही स्थानीय पुलिस ने वारंट नहीं दिखाने पर पुलिस को बैरंग लौटा दिया। आईटीआई थाना क्षेत्र के …
काशीपुर, अमृत विचार। मारपीट के एक मामले में आईटीआई थाना क्षेत्र के एक गांव में दबिश देने आई यूपी पुलिस को ग्रामीणों ने बंधक बना लिया। सूचना पर आईटीआई थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों के साथ ही स्थानीय पुलिस ने वारंट नहीं दिखाने पर पुलिस को बैरंग लौटा दिया।
आईटीआई थाना क्षेत्र के ग्राम दभौरा मुस्तकम निवासी मुनाजिर ने बीती पांच फरवरी को आईटीआई थाने में तहरीर सौंपी थी। जिसमें कहा था कि उसके भतीजे आरिफ के साथ ग्राम परमानंदपुर निवासी नईम, यूपी के ग्राम घोसीपुरा निवासी मोनू मारपीट कर रहे थे। जब उसने रोकने का प्रयास किया तो दोनों उससे भी गाली गलौज करने लगे।
इसके बाद उसका भाई लियाकत भी वहां पहुंच गया। इसपर नईम ने फोन कर अपने साथियों घोसीपुरा निवासी नवाब, गुड्डू, मोनू और अजीम को बुला लिया। बोलेरो से आये नईम के साथियों ने उसके भाई लियाकत पर गाड़ी से कुचलने का प्रयास किया। आईटीआई थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी।
इधर मंगलवार को घोसीपुरा निवासी नईम ने भी यूपी के स्वार थाने में ग्राम परमानंदपुर निवासी जमशेद, इरफान, जीशान, इमरान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मंगलवार की देर रात स्वार थाना पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर यहां दबिश दी। यूपी पुलिस के आने पर ग्रामीण एकत्र हो गए।
दबिश को आई पुलिस गिरफ्तार वारंट नहीं दिखा पायी। इसपर ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए यूपी पुलिस को घेरकर बंधक बना लिया। इसी बीच ग्रामीणों ने 112 को भी सूचना दे दी। सूचना पर आईटीआई थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों ने बिना वारंट के दबिश देने पर विरोध जताया। वारंट नहीं दिखाने पर आईटीआई थाना पुलिस ने किसी तरह यूपी पुलिस को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाकर बैरंग लौटा दिया।
आईटीआई थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपियों ने यूपी के स्वार थाने में क्रॉस मुकदमा दर्ज किया था। इसपर स्वार थाना पुलिस बिना सूचना और वारंट के आरोपियों की गिरफ्तारी को आई थी। 112 की सूचना पर आईटीआई थाना पुलिस मौके पर पहुंची थी। ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी ने अपने बचाव के लिए क्रॉस केस यूपी में दर्ज कराया था। वारंट नहीं दिखाने पर ग्रामीणों के आक्रोश के बाद यूपी पुलिस को वापस भेज दिया गया।
-विद्यादत्त जोशी, एसओ थाना आईटीआई
पांच फरवरी को सड़क हादसे के मामले में आईटीआई थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। जिसमें एक आरोपी ने सात फरवरी की घटना दिखाकर यूपी के स्वार थाने में क्रॉस केस दर्ज करा दिया। दबिश देने आई यूपी पुलिस ने स्थानीय पुलिस को कोई सूचना नहीं दी। बिना वारंट के आने पर ग्रामीणों ने इसका विरोध किया।
-चंद्रमोहन सिंह, एसपी, काशीपुर
