डबल इंजन की सरकार से संभव हुआ राम मंदिर निर्माण : मुख्यमंत्री योगी
अयोध्या। प्रतिष्ठा बनी जिले की पांचों सीटों पर भाजपा की विजय पताका फहराने के लिए गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यहां पहुंचे। उन्होंने गोसाईगंज विधानसभा से प्रत्याशी आरती तिवारी और रूदौली प्रत्याशी रामचंद्र यादव के पक्ष में जनसभाओं को सम्बोधित किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए विपक्ष पर बड़ा निशाना साधा। …
अयोध्या। प्रतिष्ठा बनी जिले की पांचों सीटों पर भाजपा की विजय पताका फहराने के लिए गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यहां पहुंचे। उन्होंने गोसाईगंज विधानसभा से प्रत्याशी आरती तिवारी और रूदौली प्रत्याशी रामचंद्र यादव के पक्ष में जनसभाओं को सम्बोधित किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए विपक्ष पर बड़ा निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार के कारण आज राम मंदिर का भव्य निर्माण और अयोध्या में दीपोत्सव सम्भव हुआ। सरकार दुबारा बनी तो वृंदावन महोत्सव भी होगा। दोनों सभाओं में सीएम के निशाने पर सपा ही रही। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार में सिर्फ सैफई महोत्सव होता था। उन्होंने कहा कि यह हमारा गौरव है कि अयोध्या आने का अवसर मिला, साथ ही यहां जन्म लेने का सौभाग्य मिला। इसलिए हमने आपके जिले का नाम अयोध्या कर दिया। उन्होंने जनता से पूछा- 2017 के पहले बिजली आती थी क्या? हम बिजली की आपूर्ति बिना किसी भेदभाव के कर रहे हैं। पहले तो बिजली केवल ईद-बकरीद पर आती थी और होली-दीपावली पर गायब रहती थी।

योगी ने कहा कि हमारी डबल इंजन सरकार ने लोगों को सबसे ज्यादा गरीब आवास दिए हैं। कोरोना महामारी का जिक्र करते हुए कहा प्रधानमंत्री की नीति के कारण हमने कोरोना से सफल लड़ाई लड़ी। हमने फ्री में लोगों को वैक्सीन लगवाई। सपा-बसपा की सरकार होती, तो वैक्सीन बाजार में बिक जाती।कहा कि हमारी सरकार लोगों को मुफ्त राशन दे रही है। साथ ही दाल और रिफाइंड भी दे रहे हैं। पिछली सरकार में राशन सपा के गुर्गे खा जाते थे। वहीं, बसपा के हाथी का पेट इतना बड़ा है कि पूरे प्रदेश का राशन वह अकेले खा जाता था। सीएम बोले कि सपा का विकास सिर्फ कब्रिस्तान की बाउंड्री वॉल बनाने तक सीमित था। अब हमारी सरकार सड़कें भी बनाती है, मेडिकल कॉलेज बनाती है।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि हमारी सरकार ने नया उपकरण (बुलडोजर) खोजा है। ये उपकरण न सिर्फ सड़क बनाता, मेडिकल कॉलेज भी बनाता है। इसके अलावा अगर जरूरत पड़े तो माफिया को कुचलने का काम भी करता है। गोसाईगंज के मया में सभा के दौरान सीएम को जेल में निरूद्ध पूर्व विधायक इंद्र प्रताप तिवारी उर्फ खब्बू तिवारी की डेढ़ साल की बिटिया टुकटुक ने मासूमियत से प्रणाम किया तो उन्होंने स्नेह से आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा आरती तिवारी की जीत पूरी भाजपा की जीत होगी।
यह भी पढ़ें:-यूक्रेन में फंसा कासगंज का छात्र, माता-पिता परेशान, पीएम मोदी से लगाई मदद की गुहार
