बाजपुर: दहेज प्रताड़ना के दो मामलों में 11 लोगों पर रिपोर्ट दर्ज
बाजपुर, अमृत विचार। दहेज प्रताड़ना के दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर 11 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पहले मामले में ग्राम महोली जगंल निवासी सरिता ने कोर्ट में दिए प्रार्थना पत्र में कहा है कि उसकी शादी 26 फरवरी 2021 को ग्राम केवलगंज गदरपुर निवासी राजकुमार पुत्र भगत …
बाजपुर, अमृत विचार। दहेज प्रताड़ना के दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर 11 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
पहले मामले में ग्राम महोली जगंल निवासी सरिता ने कोर्ट में दिए प्रार्थना पत्र में कहा है कि उसकी शादी 26 फरवरी 2021 को ग्राम केवलगंज गदरपुर निवासी राजकुमार पुत्र भगत सिंह से हुई थी। आरोप है कि शादी के दो माह बाद से ही पति व अन्य ससुरालियों ने पांच लाख रुपये व बाइक की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। 16 नवंबर 2021 को उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया गया। एक फरवरी 2022 की शाम करीब सात बजे मायके पहुंचे पति व अन्य ससुरालियों द्वारा गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की गई। इतना ही नहीं बीच-बचाव करने पर उसकी बहनों लक्ष्मी, दीक्षा के साथ भी मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी गई है।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसने स्थानीय पुलिस व एसएसपी से लिखित शिकायत की लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई। पुलिस ने कोर्ट के आदेश के क्रम में नामजद आरोपी पति राजकुमार, देवर सचिन, सास कमला देवी, ससुर भगत सिंह, ननद गुड़िया व किरन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
इसी तरह दूसरे मामले में मोहल्ला वार्ड नंबर-चार केलाखेड़ा निवासी नाजरीन पुत्री मो. रफीक ने कोर्ट में दिए प्रार्थना पत्र में कहा है कि उसकी शादी एक जुलाई 2017 को मोहल्ला रत्ना मडैया केलाखेड़ा निवासी मो.अली पुत्र शाकिर हुसैन के साथ हुई थी।
आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद पति व अन्य ससुराल वालों ने एक लाख रुपये व कार की डिमांड करते हुए उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। असमर्थता जताने पर उसे मारपीटकर घर घर से निकाल दिया। दो बार वह पंचायत इत्यादि के माध्यम से वह ससुराल गई लेकिन ससुरालियों के व्यवहार में कोई परिवर्तन नहीं आया। इसी बीच उसका पति मायके पहुंचा और तीन बार तलाक कहकर चला गया। उसने केलाखेड़ा थाने के साथ ही एसएसपी कार्यालय में भी लिखित शिकायत की लेकिन अभी तक उसकी कोई सुनवाई नहीं हो पाई है। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर तहरीर में नामजद पति मो. अली, सास फूल जहां, ससुर शाकिर हुसैन, जाहिद हुसैन व ननद फातमा आदि के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
