किच्छा: गुटखे की बिक्री में टैक्स चोरी की सूचना पर गोदाम में छापा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

किच्छा, अमृत विचार। गुटखे में टैक्स चोरी की सूचना पर राज्य कर विभाग की टीम ने नगर एक बड़े व्यापारियों के गोदाम में छापा मारा। राज्य कर विभाग की कार्यवाही से व्यापारियों में खलबली मच गई। कार्यवाही के दौरान टीम ने गोदाम में रखे स्टॉक की जांच करते हुए दस्तावेजों एवं अभिलेखों को कब्जे में ले …

किच्छा, अमृत विचार। गुटखे में टैक्स चोरी की सूचना पर राज्य कर विभाग की टीम ने नगर एक बड़े व्यापारियों के गोदाम में छापा मारा। राज्य कर विभाग की कार्यवाही से व्यापारियों में खलबली मच गई। कार्यवाही के दौरान टीम ने गोदाम में रखे स्टॉक की जांच करते हुए दस्तावेजों एवं अभिलेखों को कब्जे में ले लिया। इस दौरान व्यापार मंडल पदाधिकारियों की विभागीय अधिकारियों के साथ तीखी नोकझोंक भी हुई।

गुरुवार तड़के करीब 2:30 बजे राज्य कर विभाग की टीम किच्छा पहुंची। इस दौरान टीम ने थोक व्यापारी रोशन सिंघल के किच्छा बाईपास स्थित गोदाम पर छापा मारकर गोदाम खुलवाने का प्रयास किया। विभागीय टीम व्यापारी रोशन सिंघल के निवास पर पहुंची और उन्हें साथ लेकर गोदाम पर पहुंच गई।

मामले की जानकारी मिलने पर व्यापार मंडल अध्यक्ष राजकुमार बजाज, महामंत्री विजय अरोरा, कोषाध्यक्ष नितिन फुटेला, जिला महामंत्री निर्मल सिंह हंसपाल सहित तमाम व्यापारी मौके पर पहुंच गए। इस दौरान राज्य कर विभाग के अधिकारियों के साथ व्यापारियों की तीखी नोकझोंक हो गई। व्यापारियों ने आधी रात को छापामार कार्यवाही का विरोध करते हुए मौके पर मौजूद अधिकारियों पर व्यापारियों का बेवजह उत्पीड़न और शोषण का आरोप लगाते हुए जमकर खरी-खोटी सुनाई।

विभागीय अधिकारियों ने विरोध के चलते गोदाम को सील कर दिन निकलने पर कार्यवाही की बात कही। लेकिन व्यापारियों ने गोदाम को सील करने का भी जमकर विरोध किया। दोनों पक्षों की हुई वार्ता के बाद विभागीय टीम ने गोदाम में रखे माल को निकालने एवं दस्तावेजों के साथ छेड़छाड़ की आशंका के चलते कुछ कर्मचारियों को मौके पर ही तैनात कर दिया।

इसके बाद गुरुवार दोपहर करीब एक बजे राज्य कर विभाग के ज्वाइंट कमिश्नर ठाकुर रणवीर सिंह के नेतृत्व में डिप्टी कमिश्नर रजनीश सच्चिदानंद, असिस्टेंट कमिश्नर शिवेंद्र प्रताप सिंह, विनय प्रकाश ओझा सहित तमाम अधिकारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए।

इस दौरान विभागीय अधिकारियों ने गोदाम में रखे गुटखे की जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान टीम को पता चला कि गोदाम में सिंघल एजेंसी, बालाजी इंटरप्राइजेज, एसजी ट्रेडिंग कंपनी, बालाजी एजेंसीज सहित पांच फर्मों का करोड़ों का माल रखा हुआ है। गोदाम में बड़ी मात्रा में माल रखे होने के चलते विभागीय टीम ने गुटखे के अलावा अन्य सामान की भी गिनती शुरू कर दी। जिसका मौके पर मौजूद व्यापारियों ने विरोध किया, लेकिन अधिकारियों ने उनकी एक नहीं सुनी।

राज्य कर विभाग की टीम ने करीब पांच घंटे तक गोदाम में रखे माल की बारीकी से गिनती करते हुए सूची तैयार की तथा दस्तावेजों एवं फर्म स्वामी रोशन सिंघल एवं पंकज सिंघल द्वारा उपलब्ध कराए गए बिलों को कब्जे में लेकर विभागीय टीम वापस लौट गई। इस बीच कुमाऊं जोन के अपर आयुक्त बीएस नगन्याल भी मौके पर पहुंचे थे और अधिकारियों से की गई कार्यवाही के बारे में विस्तृत जानकारी ली।

इधर, ज्वाइंट कमिश्नर रणवीर सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि कागजों में हेराफेरी कर टैक्स बचाने के लिए एक ही बिल तथा बिल्टी पर गुटखे की अधिक बिक्री की जा रही है। उन्होंने बताया कि शिकायत के आधार पर गोदाम में रखे गुटखे, देसी घी, रिफाइंड, बिस्कुट, चॉकलेट आदि सामान की गिनती करने के साथ ही अभिलेखों के साथ मिलान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान खामी पाए जाने पर विभागीय कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।

मौके पर मौजूद गोदाम स्वामी रोशन सिंघल एवं पंकज सिंघल ने कहा कि उनके द्वारा नियमों के अनुसार माल की खरीद-फरोख्त कर व्यापार किया जाता है। उन्होंने कर चोरी के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि उनके द्वारा किसी प्रकार के टैक्स की चोरी नहीं की गई है तथा वे हर जांच के लिए तैयार हैं।

संदेह के दायरे में है गोदाम में पांच फर्मों का माल होना
किच्छा। नगर के बाईपास स्थित एक ही गोदाम में पांच फर्मों का करोड़ों का माल रखे जाने से पूरा मामला संदेह के दायरे में नजर आ रहा है। राज्य कर विभाग की टीम द्वारा की गई कार्यवाही को लेकर भी क्षेत्र में चर्चाओं का दौर गर्म रहा। क्षेत्र में इस बात की भी चर्चा रही कि आखिरकार विभाग की टीम द्वारा देर रात्रि की गई कार्यवाही को अधूरा क्यों छोड़ दिया गया और दिन निकलने पर कार्यवाही की बात कहने वाली विभागीय टीम आखिर नौ घंटे बाद जांच के लिए क्यों पहुंची।

क्षेत्र में इस बात की भी खूब चर्चा रही कि करीब दो बजे टीम के किच्छा से लौटने के बाद गोदाम स्वामी सहित कई लोगों ने विभागीय टीम से रुद्रपुर में मुलाकात की। गोदाम स्वामी और विभागीय टीम के अधिकारियों के बीच हुई मुलाकात के भी कई मायने निकाले जा रहे हैं।

संबंधित समाचार