नैनीताल: पहाड़ों में बारिश और ओले, मैदान में छाए बादल
अमृत विचार, भीमताल/भवाली। बदले मौसम का असर जिले के पहाड़ी इलाकों में देखने को मिला। नैनीताल और उसके आसपास के पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश हुई है। हालांकि मैदानी इलाकों में केवल बादल छाए रहे। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को मौसम साफ हो जाएगा। नैनीताल में शुक्रवार को सुबह से ही आसमान में काले …
अमृत विचार, भीमताल/भवाली। बदले मौसम का असर जिले के पहाड़ी इलाकों में देखने को मिला। नैनीताल और उसके आसपास के पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश हुई है। हालांकि मैदानी इलाकों में केवल बादल छाए रहे। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को मौसम साफ हो जाएगा।
नैनीताल में शुक्रवार को सुबह से ही आसमान में काले बादल छाने से ठंड में एकाएक इजाफा होने लगा है। सर्द हवाएं चलने से लोगों और पर्यटकों को मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। नगर में सुबह से ही बादल छाए रहे और साथ ही ठंडी हवाएं चलने से ठंड में बढ़ोतरी हुई। दोपहर बाद नगर में बूंदाबांदी शुरू हो गई। नगर में रोजाना मौसम का मिजाज बदल रहा है।

नैनीताल भ्रमण में आए पर्यटकों ने नैनीझील में नौकायन का लुफ्त उठाया। शुक्रवार को नगर में हुई बारिश और ओलावृष्टि के कारण ही ठंड में इजाफा होने लगा है। नैनीताल भ्रमण में आए पर्यटक पंत पार्क में गर्म कपड़ों की खरीदारी करते हुए नजर आए। सुबह शाम नगर में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पाला गिरने से ठंड में इजाफा होने लगा है। जिस कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम केंद्र प्रभारी प्रताप सिंह ने बताया कि अधिकतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। हल्द्वानी में सुबह से कभी धूप और कभी छांव का खेल जारी रहा। यहां हल्के बादल छाए रहे। हालांकि दोपहर बाद हल्की ठंडी हवाएं चलने लगीं। शाम होने के साथ ही ठंड बढ़ने लगे। यहां शुक्रवार की देर शाम तक बारिश नहीं हुई थी। शुक्रवार को भवाली, मुक्तेश्वर, गागर आदि इलाकों में बारिश और कुछ जगहों पर हल्की ओलावृष्टि हुई। इससे पहाड़ी इलाकों में फिर से कड़ाके की ठंड हो गई।
