पीलीभीत: दावत में जा रहे बाइक सवार ससुर की मौत, दामाद गंभीर रूप से घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार। रिश्तेदार के घर दावत में जा रहे एक व्यक्ति की सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। इसकी सूचना मिलने पर बिलसंडा पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। कानूनी कार्रवाई के लिए परिजन से तहरीर मांगी गई है। दियोरियाकलां कोतवाली क्षेत्र के गांव किशनपुर के …

पीलीभीत, अमृत विचार। रिश्तेदार के घर दावत में जा रहे एक व्यक्ति की सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। इसकी सूचना मिलने पर बिलसंडा पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। कानूनी कार्रवाई के लिए परिजन से तहरीर मांगी गई है। दियोरियाकलां कोतवाली क्षेत्र के गांव किशनपुर के निवासी ओमप्रकाश (45) पुत्र तेजराम मजूदरी करते थे।

शुक्रवार दोपहर अपने रिश्तेदार के घर आयोजित गोद भराई की दावत में शामिल होने शाहजहांपुर जिले के बंडा थाना क्षेत्र के गांव ब्रम्हापुर जा रहे थे। बाइक पर उनके साथ बड़े भाई का दामाद बिलसंडा क्षेत्र के गांव खजुरिया नवीराम निवासी सच्चिदानंद भी थे। इस बीच मकसूदापुर के पास पहुंचते ही बाइक को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। काफी देर तक सड़क पर लहूलुहान हालत में तड़पते रहे। यह देख राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। इसकी सूचना पुलिस को दी गई।

बिलसंडा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को एंबुलेंस से सीएचसी भिजवाया। हालत गंभीर होने पर प्राथमिक इलाज के बाद ओमप्रकाश को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि सच्चिदानंद को परिजन एक निजी अस्पताल ले गए। जिला अस्पताल में देर रात इलाज के दौरान ओमप्रकाश की मौत हो गई। दूसरे दिन पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया। उधर, परिवार में ग्रामीण की मौत के बाद कोहराम मचा रहा। दोनों घर से हंसी-खुशी निकले थे।

परिवार में भी रिश्तेदारी में दावत को लेकर खुशनुमा माहौल था। इसी बीच जब हादसे की खबर पहुंची तो चीख पुकार मच गई। सभी का रोकर बुरा हाल रहा। परिजन का कहना था कि जब वह मौके पर पहुंचे, तब तक गंभीर हालत में दोनों को एंबुलेंस से सीएचसी भेजा जा चुका था। दोनों बेहोश थे। हादसा कैसे हुआ, कोई जानकारी नहीं हो सकी।

इसे भी पढ़ें-

पीलीभीत: फारेस्ट गार्ड ने माला एसडीओ पर तानी रायफल, निलंबित

संबंधित समाचार