देहरादून: सौ करोड़ की मनी लॉन्ड्रिंग मामले का खुलासा, दो गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

देहरादून, अमृत विचार। उत्तराखंड एसटीएफ और साइबर क्राइम पुलिस की संयुक्त टीम ने लगभग सौ करोड़ रुपए की मनी लॉन्ड्रिंग मामले का खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के नाम रचित शर्मा और सुरेश यादव हैं। रचित शर्मा फिल्म निर्माता …

देहरादून, अमृत विचार। उत्तराखंड एसटीएफ और साइबर क्राइम पुलिस की संयुक्त टीम ने लगभग सौ करोड़ रुपए की मनी लॉन्ड्रिंग मामले का खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के नाम रचित शर्मा और सुरेश यादव हैं। रचित शर्मा फिल्म निर्माता बताया जा रहा है।

एसटीएफ के मुताबिक गिरोह के सदस्य फर्जी वेबसाइट बनाकर कंबोडिया और हांगकांग से मनी लॉन्ड्रिंग और साइबर क्राइम जैसी वारदातों को अंजाम देते थे। एसटीएफ अभी दोनों आरोपियों से पूछताछ कर उनके नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। आरोपियों द्वारा हवाला के जरिये लगभग एक अरब रुपये के लेनदेन के सुबूत एसटीएफ को मिले हैं।

रचित शर्मा ने करीब एक अरब रुपया अलग-अलग फिल्मों के निर्माण के नाम पर निवेश किया है। आरोपियों के कब्जे से टीम को 15 एटीएम कार्ड और कई इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य मिले हैं। दोनों के बैंक खातों की जांच करने पर उसमें करीब 15 लाख रुपये की रकम मिली। आरोपियों के बैंक खातों को फ्रीज करा दिया गया है। रचित शर्मा (42) और सुरेश यादव (42) दोनों ही मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं।

एसटीएफ के अनुसार आरोपियों के पास से तीन मोबाइल, 203 डेबिट कार्ड, चार लैपटॉप, एक लग्जरी वाहन और फर्जी बैंक अकाउंट के पेपर मिले हैं। इन दोनों आरोपियों ने अपने कई साथियों के साथ मिलकर फर्जी बैंक अकाउंट भी खुलवाए थे।

दून निवासी व्यक्ति से ठगे थे 15 लाख रुपये
एसटीएफ के मुताबिक पूर्व में पंजाब के फरीदकोट से गिरफ्तार आरोपी रोहित के जरिये पुलिस इन तक पहुंची। रोहित ने अपने एक साथी के साथ मिलकर कुछ फर्जी वेबसाइट बनाई थीं और कुछ फर्जी बैंक खाते भी खोले थे। रोहित ने देहरादून के व्यक्ति को सोना, मसाला और शराब के ऑनलाइन कारोबार का सपना दिखाया था। इसके नाम पर रोहित ने उस व्यक्ति से 15 लाख रुपए ठग लिये थे।

संबंधित समाचार