लखनऊ: यूक्रेन में अभी भी फंसे हैं यूपी के 767 विद्यार्थी, रविवार तक पहुंचेंगे 37 छात्र
लखनऊ। युद्ध की विभीषिका से जूझ रहे यूक्रेन में उत्तर प्रदेश के कम से कम 767 नागरिक अभी भी फंसे है जिसमें अधिकतर उच्च शिक्षा प्राप्त करने गये छात्र छात्रायें है। आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को बताया कि प्रदेश सरकार ने यूक्रेन में फंसे लोगों की जानकारी और मदद के लिये एक नियंत्रण कक्ष स्थापित …
लखनऊ। युद्ध की विभीषिका से जूझ रहे यूक्रेन में उत्तर प्रदेश के कम से कम 767 नागरिक अभी भी फंसे है जिसमें अधिकतर उच्च शिक्षा प्राप्त करने गये छात्र छात्रायें है।
आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को बताया कि प्रदेश सरकार ने यूक्रेन में फंसे लोगों की जानकारी और मदद के लिये एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है और उनकी उत्तर प्रदेश वापसी के हरसंभव प्रयास किये जा रहे हैं। कंट्रोल रूम द्वारा अब तक यूक्रेन में फंसे प्रदेश के कुल 767 लोगों की सूचना एकत्र की गयी है, जिसे विदेश मंत्रालय को प्रेषित किया गया है, ताकि उत्तर प्रदेश के फंसे हुए व्यक्तियों अथवा विद्यार्थियों को सुरक्षित भारत वापस लाया जा सके।
कंट्रोल रूम में तैयार यूक्रेन में फंसे व्यक्तियों की सूची जिलों को भी प्रेषित की गई है व उन्हें प्रभावित परिवारों के साथ निरंतर समन्वय बनाये रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होने बताया कि यूक्रेन में फंसे विद्यार्थियों की स्वदेश वापसी के संबंध में स्थापित कंट्रोल रूम का संचालन निर्बाध रूप से किया जा रहा है।
कंट्रोल रूम में स्थापित टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर (0522) 1070 तथा मोबाइल नंबर 9454441081 के जरिये यूक्रेन में फंसे विद्यार्थियों अथवा अन्य के बारे में जानकारी का आदान प्रदान किया जा रहा है। राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम विदेश मंत्रालय में संचालित नियंत्रण कक्ष के संपर्क में है।
उत्तर प्रदेश राज्य आपदा कंट्रोल रूम यूक्रेन, पोलैण्ड, रोमानिया में स्थित भारतीय दूतावास के सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सतत् नजर बनाए हुए है, ताकि उनके द्वारा जारी नयी एडवाइजरीज को पीड़ित व्यक्तियों/विद्यार्थियों तक पहुंचाया जा सके।
इन एडवाइजरीज को राहत आयुक्त कार्यालय के ट्विटर अकाउंट द्वारा भी आम जनमानस को सूचित करने के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है। सूत्रों ने ने बताया कि यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों को लेकर एक हवाई जहाज बुडापेस्ट से भारत के लिए उड़ान भरेगा और 27 फरवरी को सुबह 7.45 बजे नई दिल्ली पहुंचेगा, जिसमें उत्तर प्रदेश के 37 नागरिक वापस आ रहे हैं।
देश वापस लौटे उत्तर प्रदेश के नागरिकों को उनके गंतव्य जिलों तक पहुंचाने के लिए नई दिल्ली में उत्तर प्रदेश के स्थानिक आयुक्त कार्यालय के समन्वय से दिल्ली एयरपोर्ट में हेल्प डेस्क की स्थापना की गई है, जिसमें स्थानिक आयुक्त कार्यालय के साथ जनपद गाजियाबाद तथा गौतमबुद्धनगर जनपद के अधिकारी तैनात किए गए हैं।
यह भी पढ़ें: लखनऊ: 50 हजार के ईनामी सिपाही को एसटीएफ ने जयपुर से किया गिरफ्तार, 2019 से था फरार
