मुरादाबाद : भगवा रंग में दिखा कांठ रोड, डीजे की धुन पर थिरके श्रद्धालु
मुरादाबाद, अमृत विचार। महाशिवरात्रि से पूर्व महानगर की सड़कों पर पूरे दिन बोल बम के उद्घोष होते रहे। सुबह से ही शहर में कांवड़ियों के आने का सिलसिला शुरू हो गया। कांवड़ लेकर श्रद्धालु कहीं खामोशी से तो कहीं बोल बम का उद्घोष कर भोले बाबा को रिझाते चल रहे थे। कांवड़ियों के कई जत्थे डीजे …
मुरादाबाद, अमृत विचार। महाशिवरात्रि से पूर्व महानगर की सड़कों पर पूरे दिन बोल बम के उद्घोष होते रहे। सुबह से ही शहर में कांवड़ियों के आने का सिलसिला शुरू हो गया। कांवड़ लेकर श्रद्धालु कहीं खामोशी से तो कहीं बोल बम का उद्घोष कर भोले बाबा को रिझाते चल रहे थे। कांवड़ियों के कई जत्थे डीजे की धून पर नाचते- गाते भोले की मस्ती में मगन होकर चलते नजर आए।
कांवड़ियों की सुविधा के लिए कांठ रोड पर जगह-जगह भंडारे का आयोजन किया गया था। इसके लिए विधिवत पांडाल लगाए गए थे, जहां कांवड़ियों को रोक-रोककर उनका स्वागत किया गया। उन्हें भोजन, पानी की सुविधा दी गई। इनमें महिलाएं और छोटे बच्चे भी भोले की भक्ति में लीन नजर आए। शहर के अंदर प्रवेश के बाद कांवड़ियों के घर वाले उनसे मिलने पहुंचे। मान्यता के अनुसार कोई डाक कांवड़, तो कोई खड़ी कांवड़ में लेेकर पहुंचा। इसमें कई जगह सुंदर झांकियां भी आकर्षण का केंद्र बनीं।
भंडारा आयोजक कुलदीप विश्नोई ने बताया कि हर साल शिव भक्तों की सेवा में जगह-जगह भंडारे लगाए जाते है। यह भंडारे 24 घंटे संचालित होते है। यहां कांवड़ियों के लिए विश्राम की भी व्यवस्था की जाती है। उन्होंने बताया कि हर साल कांठ रोड से करीब एक से डेढ़ लाख कावड़िए गुजरते हैं। इस मौके पर जितेद्र सिंह विश्नोई, राजेंद्र कुमार विश्नोई, संदीप गुप्ता, मुकेश कुमार,श्याम सिंह, संजीव कुमार कुलिप सिंह आदि लोग उपस्थित रहे।
