UP Election 2022: पांचवें चरण का मतदान खत्म, शाम 6 बजे तक हुई 54.09 फीसदी वोटिंग
लखनऊ/ अमृत विचार। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पांचवें चरण में 12 जिलों की 61 विधानसभा सीटें शामिल हैं। सुबह सात बजे से मतदान शुरू हुआ मतदान शाम के छह बजे समाप्त हो गया। इस चरण में अमेठी जिले के साथ ही सुलतानपुर, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, बाराबंकी, अयोध्या, बहराइच, श्रावस्ती और गोंडा जिलों की विधानसभा …
लखनऊ/ अमृत विचार। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पांचवें चरण में 12 जिलों की 61 विधानसभा सीटें शामिल हैं। सुबह सात बजे से मतदान शुरू हुआ मतदान शाम के छह बजे समाप्त हो गया। इस चरण में अमेठी जिले के साथ ही सुलतानपुर, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, बाराबंकी, अयोध्या, बहराइच, श्रावस्ती और गोंडा जिलों की विधानसभा सीटों पर वोटिंग की गई है। सूत्रों के मुताबिक यूपी में शाम छह बजे तक कुल 54.09 फीसदी वोटिंग हुई है।
प्रयागराज में बम धमाका, एक की मौत, एक घायल
यूपी चुनाव के पांचवें चरण में प्रयागराज के करेली में 12 सीटों पर वोटिंग हो रही है। इसी बीच बम धमाके में एक युवक की मौत हो गई। जबकि, दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जाता है साइकिल पर बम टांग कर रखा गया था। इसी दौरान धमाके से हादसा हो गया।
दोपहर 5 बजे तक मतदान
पांचवे चरण के लिए आज शाम 6 बजे तक मतदान होगा। जहां शाम 5 बजे तक 53.98% हुआ मतदान है तो वहीं कौशांबी में शाम 5 बजे तक 57.01% मतदान हुआ है। सिराथु विधानसभा पर शाम 5 बजे तक 56, मंझनपुर विधानसभा में 58.78 जबकि चायल विधानसभा सीट पर 56.9 फीसदी मतदान हो चुका है। फिलहाल, हर जगह शांतिपूर्ण चुनाव की खबर है. कहीं से कोई भी अप्रिय घटना सामने नहीं आई है।
दोपहर 3 बजे तक मतदान
दोपहर 3 बजे तक 46.28% मतदान हुआ है। कौशांबी में दोपहर 3 बजे तक यहां 48.70% मतदान हुआ। वहीं, सिराथु विधानसभा में 48.3, मंझनपुर विधानसभा में 50.02% जबकि चायल विधानसभा में 47.67% मतदान हुआ है। वहीं चित्रकूट में 51.67% मतदान हुआ।
पीएम मोदी ने विपक्ष पर कसा तंज
पीएम मोदी ने बस्ती में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि घोर परिवारवादी कभी उत्तर प्रदेश और देश का भला नहीं कर सकते हैं। इनका एक ही मंत्र है- ‘पैसा परिवार की तिजोरी में, कानून जेब में और जनता इनके पैरों पर।’
बूथ पर तैनात सीआरपीएफ जवान को कुछ लोगों ने पीटा
अमेठी के धौरहरा गांव में बूथ पर तैनात सीआरपीएफ जवान अमनदीप को कुछ लोगों ने पीट दिया। यहां वोटर आईडी चेक करने को लेकर बवाल हुआ था। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। कमांडेंट भी मौके पर पहुंचे।
स्ट्रेचर से बूथ पर पहुंची बुजुर्ग
प्रयागराज में एक बुजुर्ग महिला को स्ट्रेचर पर मतदान केंद्र तक लाया गया। बुजुर्ग महिला ने कहा कि मुझे ऐसे ही आना पड़ा क्योंकि मेरी पीठ में फ्रैक्चर है, लेकिन मैं वोट को बेकार नहीं जाने दे सकती थी।
दोपहर 1 बजे तक कितनी वोटिंग
यूपी विधानसभा चुनाव के पांचवे चरण में दोपहर 1 बजे तक औसतन 34.83 फीसदी मतदान। कौशांबी में 37.23 प्रतिशत मतदान हुआ। कौशांबी के सिराथू में 36.2 फीसदी, मंझनपुर में 39.23 प्रतिशत और चायल में 36.1 फीसदी वोटिंग हुई। वहीं गोंडा 34.36 प्रतिशत और श्रावस्ती में 36.56 फीसदी मतदान हुआ है।
सपा प्रत्याशी पर हमला
कुंडा में गुलशन यादव के काफिले पर हमला हुआ है। वह राजा भैया के खिलाफ लड़ रहे थे। बताया जा रहा है कि उनके काफिले पर पहाड़पुर गांव में हमला हुआ। इसमें वह तो सुरक्षित हैं। लेकिन उनके एक साथी के सिर पर गंभीर चोट है।
खेतों में लगी लाइन

बहराइच के बलहा विधानसभा के गोपिया में मतदान के लिए खेतों में लगी लाइन।
11 बजे तक वोटिंग
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पांचवें चरण में 11 बजे तक कुल 21.39% वोटिंग हुई।
अयोध्या में 11 बजे तक मतदान
271 रूदौली – 25.75%
273 मिल्कीपूर – 24.43%
274 बीकापुर- 25%
275 अयोध्या – 23.10%
276 गोसाईगंज – 23.37%
जनपद अयोध्या में कुल – 24.33%
वहीं बहराइच जिले में सुबह 11 बजे तक 22.79 प्रतिशत हुआ मतदान। समय बढ़ने के साथ ही मतदान का ग्राफ बाढ़ रहा है।
बाराबंकी में कांग्रेस नेता ने किया मतदान
कांग्रेस नेता पीएल पुनिया ने बाराबंकी के मतदान केंद्र में वोट डाला है। उन्होंने कहा कि बीजेपी सोचती है कि वह कमजोर हो गई है और हार रही है। इसलिए पार्टी ने पीएम मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा को मैदान में उतार चुकी है।
सपा ने राजा भैया के कार्यकर्ताओं पर लगाया आरोप
समाजवादी पार्टी ने राजा भैया की पार्टी जनसत्ता दल पर कुंडा विधानसभा के कई बूथों में फर्जी वोटिंग का आरोप लगाया है किप्रतापगढ़ जिले की कुंडा विधानसभा-246 के बूथ संख्या 156, 157, 158 ग्राम सभा बेंती में जनसत्ता दल के कार्यकर्ता फर्जी वोटिंग करवा रहे हैं और मतदाताओं को धमकी दे रहे हैं। इसे लेकर सपा ने चुनाव आयोग से शिकायत भी की है।
30 मिनट तक मतदान बाधित
रायबरेली के डीह पूरे गोसाई के बूथ संख्या 27 में मशीन खराब होने के कारण लगभग आधा घंटा मतदान बाधित रहा। पहली मशीन से 26 वोट डाले गए परंतु खराबी होने के कारण सेक्टर मजिस्ट्रेट को सूचना दी गई जहां पर सेक्टर मजिस्ट्रेट ने मशीन को तुरंत बदलवाया। सेक्टर मजिस्ट्रेट के आने के बाद लगभग 8:30 बजे मशीन को चालू किया गया। तिलोई में 6 जगहों पर ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनें खराब हुई और बदली गई। बूथ संख्या 93, 51,59, 60 में दिक्कत रहीं। रायबरेली में सुबह 9 बजे तक 7.48% वोटिंग हुई है। तिलोई क्षेत्र में 11 बजे तक 24 प्रतिशत मतदान हुआ।
डॉ दिनेश चंद्र ने किया मतदान

मॉडल बूथ महिला महाविद्यालय में जिलाधिकारी डॉ दिनेश चंद्र ने किया मतदान। जिलाधिकारी और एसपी ने लोगों से मतदान के लिए अपील की।
सहकारिता मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा ने वोट डाला
मटेरा विधान सभा की सपा प्रत्याशी मारिया शाह ने बहराइच के कन्या पाठशाला में मतदान किया।

वहीं सदर विधायक अनुपमा जायसवाल ने पुलिस लाइन स्कूल में मतदान किया।

नेहा प्रकाश ने किया मतदान

श्रावस्ती जिलाधिकारी नेहा प्रकाश ने भी किया मतदान।
संजय सिंह ने परिवार के साथ डाला वोट
अमेठी से भाजपा प्रत्याशी संजय सिंह और उनकी पत्नी अमिता ने वोट डाला। उन्होंने कहा कि प्रियंका को गलतफहमी है कि वो महिलाओं की लड़ाई लड़ रही हैं। अखिलेश यादव को गलतफहमी है कि वो चुनाव के बाद प्रधानमंत्री बन जाएंगे।
सुबह 9 बजे तक 8.02% वोटिंग
आज 5वें चरण के तहत वोटिंग हो रही है। सुबह 9 बजे तक 8.02% वोटिंग हुई है।
श्रावस्ती 9.65%
प्रयागराज 7.7%
बहराइच 7.51%
अयोध्या 9.44%
रायबरेली 7.48%
प्रतापगढ़ 7.75%
अमेठी 8.65 %
कौशांबी 11.40%
सुल्तानपुर 8.58%
गोंडा 8.29%
चित्रकूट 8.78%
बाराबंकी 6.20%
सूची से नाम गायब, लौटे वापस

बहराइच के बलहा विधानसभा के उर्रा बाजार निवासी मुन्नीलाल मौर्य और उनकी बहू अनीता मौर्य का सूची से नाम गायब हो गया है। जिससे ससुर और बहू मतदान नहीं कर सकें। दोनों बिना मतदान के ही वापस लौट गए। नानपारा विधान सभा के 232 बूथ का बीएलओ गायब, मतदान हुआ प्रभावित, मतदाताओं को नहीं मिल रही पर्ची।
सपा ने की शिकायत
सपा ने भी शुरुआती डेढ़ घंटे में ईवीएम से जुड़ी 30 से ज्यादा शिकायतें चुनाव आयोग से की है।
ईवीएम में गड़बड़ी
प्रयागराज, अयोध्या, प्रतापगढ़ समेत 50 से ज्यादा बूथ पर ईवीएम में गड़बडी के चलते वोटिंग बाधित हुई।
राजा भैया ने किया मतदान
कुंडा में राजा भैया ने बजरंगबली के मंदिर में पूजा अर्चना की। इसके बाद परिवार के साथ वोट डाला। राजा भैया इस सीट पर 7वीं बार मैदान में हैं।
संतों ने डाला वोट

अयोध्या में हनुमानगढ़ी मंदिर के मुख्य पुजारी महंत ज्ञान दास और अन्य संतों ने वोट डाला।
ऋचा सिंह ने लगाया मॉकपोल का आरोप
इलाहाबाद पश्चिम की सपा प्रत्याशी ऋचा सिंह ने पोलिंग एजेंट के पहुंचने से पहले मॉकपोल का आरोप लगाया। उन्होंने इसकी शिकायत चुनाव आयोग से की है।
रीता बहुगुणा जोशी किया मतदान

प्रयागराज में भाजपा नेता रीता बहुगुणा जोशी ने मतदान केंद्र पहुंचकर अपना मतदान दिया। उन्होंने कहा कि सरकार हमारी ही बनेगी. हम 300 से ज़्यादा सीटों की उम्मीद कर रहे हैं।
संजय सिंह ने डाला वोट
अमेठी विधानसभा से बीजेपी उम्मीदवार डॉक्टर संजय सिंह और उनकी पत्नी अमिता ने सुबह सुबह अपना वोट डाला। उन्होंने कहा कि उनके लिए कोई चुनौती नहीं है। जो बसपा और कांग्रेस का हश्र है, वही सपा का होगा।
बसपा सुप्रीमो मायावती ने किया ट्वीट
1. यूपी के 12 ज़िलों की 61 विधानसभा सीटों पर आज पाँचवें चरण में भी ’हर पोलिंग बूथ को जिताना है, बीएसपी को सत्ता में लाना है’ की प्रतिज्ञा व ज़िद के साथ वोटिंग करते रहना ज़रूरी, ताकि द्वेष, पक्षपात, उन्माद व तानाशाही आदि से मुक्त यहाँ सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय की सरकार बन सके।
— Mayawati (@Mayawati) February 27, 2022
आराधना मिश्रा ने डाला वोट

प्रतापगढ़ में कांग्रेस उम्मीदवार आराधना मिश्रा ने संग्रामगढ़ में मतदान केंद्र पहुंचकर अपना वोट दिया।
पीएम मोदी ने किया ट्वीट
उत्तर प्रदेश में लोकतंत्र के उत्सव का आज पांचवां चरण है। सभी मतदाताओं से मेरा निवेदन है कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग करें और अपना कीमती वोट अवश्य दें।
— Narendra Modi (@narendramodi) February 27, 2022
पीएम मोदी ने ट्वीट किया कि उत्तर प्रदेश में लोकतंत्र के उत्सव का आज पांचवां चरण है। सभी मतदाताओं से मेरा निवेदन है कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग करें और अपना कीमती वोट अवश्य दें।
