रुद्रपुर: मतगणना में रहेगी पैनी नजर, मोबाइल पर रहेगा प्रतिबंध
रुद्रपुर, अमृत विचार। ऊधमसिंह नगर जिले की नौ सीटों की मतगणना 10 मार्च को बिलवाड़ा मंडी में होगी। इस बार माहौल और भी ज्यादा संवेदनशील माना जा रहा है। लेकिन इस स्थिति में भी किसी की गलत हरकत नहीं चल सकेगी। इस पर नजर रखने के लिए विशेष सख्ती की गई है। खुफिया एजेंसी के अधिकारी …
रुद्रपुर, अमृत विचार। ऊधमसिंह नगर जिले की नौ सीटों की मतगणना 10 मार्च को बिलवाड़ा मंडी में होगी। इस बार माहौल और भी ज्यादा संवेदनशील माना जा रहा है। लेकिन इस स्थिति में भी किसी की गलत हरकत नहीं चल सकेगी। इस पर नजर रखने के लिए विशेष सख्ती की गई है। खुफिया एजेंसी के अधिकारी प्रत्याशी, उनके एजेंट और हर शख्स पर पैनी नजर रखेंगे। मोबाइल फोन भी ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा।
मतगणना के दिन अक्सर हार नजर आने पर प्रत्याशी व उनके समर्थक कोई हरकत कर नियमों को उल्लंघन कर देते हैं। पूर्व में ऐसी कई घटनाओं से सबक लेते हुए निर्वाचन आयोग ने हर व्यक्ति पर नजर रखने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है, साथ ही खुफिया एजेंसी को भी अलर्ट किया गया है। किसी प्रकार की आपत्तिजनक हरकत नजर आने पर संबंधित के खिलाफ तत्काल कार्रवाई कर की जाएगी। पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स के जवान भी इसको लेकर सक्रिय रहेंगे।
मतगणना स्थल पर प्रवेश से पहले जांच करानी पड़ेगी। उसके बाद ही अंदर जा सकेंगे। यही नहीं मतगणना काउंटिंग कर्मचारियों के चारों ओर जाली की दीवार रहेगी। उसके अंदर जाने के लिए किसी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। एडीईओ आरएस अधिकारी ने बताया कि मोबाइल फोन भी अंदर नहीं ले जा सकेंगे।
जाने किस विधानसभा में कितने राउंड होगी काउंटिंग
रुद्रपुर। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी आरएस अधिकारी ने बताया कि जसपुर में 148 बूथ थे, जहां 11 राउंड काउंटिंग होगी। इसी तरह 208 बूथ वाले काशीपुर में पंद्रह, 175 बूथ वाले बाजपुर में तेरह, 166 बूथ वाले गदरपुर में बारह, 213 बूथ वाले रुद्रपुर में सोलह, 160 बूथ वाले किच्छा में बारह, 139 बूथ वाले सितारगंज दस, 143 बूथ वाले नानकमत्ता में ग्यारह और 136 बूथ वाले खटीमा में दस राउंड काउंटिंग होगी।
