हल्द्वानी: डाकमत पत्रों की गिनती के लिए हुई 26 एआरओ की तैनाती
हल्द्वानी, अमृत विचार। जिला प्रशासन ने मतगणना की तैयारियां तेज कर दी हैं। डाकमत पत्रों की गिनती के लिए विधानसभावार 26 एआरओ (सहायक रिटर्निंग ऑफिसर्स) की तैनाती की गई है। अलग से तैनात ये एआरओ सिर्फ डाकमत पत्र की ही गिनती करेंगे। निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, नैनीताल जनपद की छह विधानसभा सीटों पर दिव्यांग, सैनिक और …
हल्द्वानी, अमृत विचार। जिला प्रशासन ने मतगणना की तैयारियां तेज कर दी हैं। डाकमत पत्रों की गिनती के लिए विधानसभावार 26 एआरओ (सहायक रिटर्निंग ऑफिसर्स) की तैनाती की गई है। अलग से तैनात ये एआरओ सिर्फ डाकमत पत्र की ही गिनती करेंगे।
निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, नैनीताल जनपद की छह विधानसभा सीटों पर दिव्यांग, सैनिक और सर्विस मतदाता कुल मिलाकर लगभग 12 हजार मतदाता ऐसे हैं जिन्होंने डाकमत पत्र से मतदान किया है। इन डाकमत पत्रों की गिनती के लिए निर्वाचन विभाग ने विधानसभावार 26 एआरओ की तैनाती की है। इनमें कालाढूंगी सीट पर 7 एआरओ, रामनगर में 3 जबकि हल्द्वानी, कालाढूंगी, नैनीताल, लालकुआं में 4-4 एआरओ की तैनाती की गई है। ये एआरओ अपनी-अपनी संबंधित विधानसभा में डाकमत पत्र की गिनती करेगा।
सहायक निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिले में लगभग 12 हजार सर्विस, दिव्यांग व सैनिक मतदाता है, जिन्होंने पोस्टल बैलेट से मतदान किया है। सैनिकों के पोस्टल बैलेट को स्कैन करने के बाद विधानसभावार दे दिया जाएगा। फिर अलग से तैनात एआरओ इन डाकमत पत्रों की गिनती करेंगे।
आज दिया जाएगा 80 कर्मचारियों को प्रशिक्षण
हल्द्वानी। जिला निर्वाचन विभाग ने मतगणना की तैयारियां में जुट गया है। मतगणना के लिए कर्मचारियों का प्रशिक्षण शुरू हो गया है। गुरुवार को कर्मचारियों को प्री काउंटिंग का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि मतगणना के लिए 80 प्री काउंटिंग सुपरवाइजर व प्री काउंटिंग असिस्टेंट को गुरुवार को सुबह 10 बजे से एमबीपीजी कॉलेज सभागार में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस प्रशिक्षण में उन्हें मतगणना से जुड़ी बारीकियां सिखाईं जाएंगी।
समय से पूरी कर ली जाएं मतगणना केंद्र की सभी व्यवस्थाएं
हल्द्वानी। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने मतगणना केंद्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने समय से पूर्व मतगणना से जुड़ी से सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए।
डीएम गर्ब्याल बुधवार को एमबीपीजी कॉलेज में मतगणना केंद्र पहुंचे। उन्होंने जनपद की छह विधानसभा सीटों के मतगणना हॉल में व्यवस्थाएं देखीं। इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी अशोक जोशी ने बताया कि मतगणना की तैयारियां की जा रही हैं। इसके तहत प्रत्येक कक्ष में ईवीएम/वीवीपैट की मतगणना के लिए विधानसभावार सात-सात मतगणना टेबल लगाई जा रही हैं। डाक मतपत्रों की गिनती के लिए कालाढूंगी सीट के लिए सात टेबल, रामनगर के लिए तीन, लालकुआं, भीमताल, नैनीताल व हल्द्वानी में चार-चार टेबल लगाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि इसके लिए मतगणना कर्मचारियों को शुक्रवार से प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस अवसर पर सहायक निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्र त्रिपाठी, एनआईसी राजेश तिवारी, केलए टम्टा आदि मौजूद रहे।
