हल्द्वानी: 1990 से 2022 तक का रिकॉर्ड ऑनलाइन होगा उपलब्ध

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बबीता पटवाल, अमृत विचार, हल्द्वानी। आधुनिकता के इस दौर में अब सरकारी विभाग भी आगे आ रहे हैं। सभी सरकारी विभागों ने अपने जरूरी दस्तावेजों को डिजिटलाइज करना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में रजिस्ट्रार ऑफिस भी अब अपने 30 साल पुराने दस्तावेजों को डिजिटल कर रहा है। ऐसा करने से लोगों को ऑफिस …

बबीता पटवाल, अमृत विचार, हल्द्वानी। आधुनिकता के इस दौर में अब सरकारी विभाग भी आगे आ रहे हैं। सभी सरकारी विभागों ने अपने जरूरी दस्तावेजों को डिजिटलाइज करना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में रजिस्ट्रार ऑफिस भी अब अपने 30 साल पुराने दस्तावेजों को डिजिटल कर रहा है। ऐसा करने से लोगों को ऑफिस के चक्कर काटने की परेशानी से छुटकारा मिल जाएगा। मात्र एक क्लिक से सारी जानकारी विभाग के पोर्टल पर उपलब्ध हो जाएगी।

नैनीताल जिले के पांचों रजिस्ट्रार ऑफिसों के डेटा को डिजिटल करने का काम शुरू हो गया है। इस क्रम में हल्द्वानी प्रथम ऑफिस व रामनगर के सभी कागज डिजिटल कर दिए गए हैं। धारी, नैनीताल और हल्द्वानी उपनिबंधक कार्यालय के लगभग 5,64,639 कागजों को स्कैन कर लिया गया है। अब इन कागजों का डेटा 31 मार्च तक विभाग के पोर्टल में उपलब्ध हो जाएगा।

विभाग से मिली जानकारी के अनुसार पहले चरण में लगभग 30 साल के डेटा को डिजिटल किया जा रहा है। यानी की वर्ष 1990 से लेकर 2022 तक का डेटा लोगों को ऑनलाइन मिल जाएगा। हालांकि 2015 से हल्द्वानी में डिजिटल सेवा शुरू कर दी गई थी, जिसके बाद का सारा डेटा ऑनलाइन मिलने लगा। अधिकारियों ने बताया कि लोग विभाग के पोर्टल Ukgov.in पर अपने दस्तावेज की कॉपी निकालकर विभाग से मूल कॉपी ले सकते हैं।

कुमाऊं कमिश्नर ने दिए जल्द डिजिटलाइज करने के निर्देश
हल्द्वानी। रजिस्ट्रार ऑफिस के अधिकारियों ने बताया कि बीती 26 फरवरी को कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने ऑफिस का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें जब यह पता चला कि विभाग के पुराने कागजों को भी डिजिटल किया जा रहा है, तो उन्होंने तुरंत इसे लागू करने के निर्देश जारी कर दिए।

डिजिटल करने से इसका लाभ लोगों को होगा। अब किसी भी व्यक्ति को अपनी 30 साल पुरानी पैतृक जमीन से जुड़ी कोई भी जानकारी चाहिए होगी तो वह पोर्टल से प्राप्त कर सकता है।

– महेश द्विवेदी, सहायक महानिरीक्षक निबंधन

इन पांच कार्यालयों में होंगे दस्तावेज डिजिटलाइज
कार्यालय दस्तावेज की संख्या
नैनीताल 66918
उपनिबंधक हल्द्वानी 440721
धारी 57000
(रामनगर और हल्द्वानी द्वितीय के दस्तावेज हो गए हैं डिजिटलाइज )

संबंधित समाचार