हल्द्वानी: चुनाव बीतते ही लापता हो गए मेयर रौतेला
हल्द्वानी, अमृत विचार। नगर निगम के मेयर डॉ. जोगेंद्र पाल सिंह रौतेला आजकल नगम निगम में नहीं आ रहे हैं। वह मतदान से पहले से ही यहां नहीं आ रहे हैं। अनुमान था कि मतदान निपटने के बाद से वह नगर निगम आएंगे लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। शहर के प्रथम नागरिक डॉ. रौतेला नगर …
हल्द्वानी, अमृत विचार। नगर निगम के मेयर डॉ. जोगेंद्र पाल सिंह रौतेला आजकल नगम निगम में नहीं आ रहे हैं। वह मतदान से पहले से ही यहां नहीं आ रहे हैं। अनुमान था कि मतदान निपटने के बाद से वह नगर निगम आएंगे लेकिन ऐसा नहीं हो पाया।
शहर के प्रथम नागरिक डॉ. रौतेला नगर निगम में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन फिलहाल करते हुए दिखाई नहीं दे रहे हैं। मेयर रौतेला ने हल्द्वानी विधानसभा सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव भी लड़ा है। 14 फरवरी को हुए मतदान से पहले वह चुनाव की तैयारियों में व्यस्त थे।
इस वजह से वह नगर निगम में अपने कार्यालय में नहीं पहुंच पा रहे थे। इसके बाद कुछ दिनों तक उन्होंने चुनाव की थकान उतारी। लोगों ने सोचा कि थकान उतरने के साथ ही मेयर नगर निगम कार्यालय में पहुंच जाएंगे। हालांकि अभी तक ऐसा नहीं हुआ है। चुनाव बीतने के कई दिनों बाद भी मेयर नहीं पहुंचे।
हालांकि जन प्रतिनिधि के नगर निगम में नहीं आने की वजह से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इधर नगर निगम में कर्मचारियों और अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल मेयर यहां नहीं आ रहे हैं। मेयर रौतेला का मोबाइल भी ज्यादातर समय बंद ही रहता है। इस वजह से भी लोगों का उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है।
सामाजिक कार्यों में आ जाते हैं नजर
हल्द्वानी। मेयर रौतेला के पास नगर निगम में आने का समय भले न हो लेकिन वह सामाजिक कार्यों में दिख जाते हैं। शहर में पिछले कुछ दिनों से हो रहे सामाजिक कार्यों में उनकी भागीदारी देखने को मिल रही है। हालांकि नगर निगम में उनका कार्यालय उनका इंतजार कर रहा है।
