बच्चों को बीमारियों से बचाने के लिए जरूर कराएं टीकाकरण: सीएमओ
रायबरेली। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. वीरेंद्र सिंह ने सोमवार को जिला महिला चिकित्सालय में बच्चे को दवा पिलाकर कर सघन मिशन इंद्रधनुष-4 अभियान का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने कहा- पाँच वर्ष तक के बच्चों को जानलेवा बीमारियों से बचाने के लिए सम्पूर्ण टीकाकरण बहुत जरूरी है। सघन मिशन इन्द्रधनुष अभियान के तहत नियमित …
रायबरेली। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. वीरेंद्र सिंह ने सोमवार को जिला महिला चिकित्सालय में बच्चे को दवा पिलाकर कर सघन मिशन इंद्रधनुष-4 अभियान का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने कहा- पाँच वर्ष तक के बच्चों को जानलेवा बीमारियों से बचाने के लिए सम्पूर्ण टीकाकरण बहुत जरूरी है।
सघन मिशन इन्द्रधनुष अभियान के तहत नियमित टीकाकरण से किन्हीं कारणों से वंचित शून्य से दो वर्ष तक के बच्चों और गर्भवती का टीकाकरण किया जाना है। इसके साथ ही ईंट भट्टों पर काम करने वाले, सुदूर क्षेत्रों और मलिन बस्तियों में रहने वालों का भी इस अभियान के तहत टीकाकरण किया जाना है। यह अभियान 14 मार्च तक चलेगा।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. खालिद रिजवान ने बताया कि इस अभियान के तहत 1974 सत्र आयोजित किए जाएंगे। शून्य से दो वर्ष तक के 11,366 बच्चों का टीकाकरण करने का लक्ष्य रखा गया है जिसमें 10558 बच्चे ग्रामीण क्षेत्रों में और 808 बच्चे शहरी क्षेत्र में हैं।इसके साथ ही लक्षित महिलाओं की संख्या कुल 2,937 है, जिसमें ग्रामीण क्षेत्रों में 2784 और शहरी क्षेत्रों में 1533 महिलायेँ हैं। महिलाओं को टिटेनस और डिप्थीरिया(टीडी) का टीका लगाया जाता है।
जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी डी.एस.अस्थाना ने बताया कि मिशन इंद्रधनुष अभियान के तहत दो वर्ष तक के बच्चों को जानलेवा बीमारियों टीबी, गलघोंटू , काली खांसी, टिटनेस, पोलियो, खसरा हेपेटाइटिस बी, डायरिया, दिमागी बुखार, रूबेला तथा निमोनिया से बचाव के लिए टीके लगाए जाते हैं।
इस मौके पर जिला महिला चिकित्सालय की मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. नीता साहू, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अंजली सिंह, बाल विकास परियोजना अधिकारी संध्या श्रीवास्तव, विश्व स्वास्थ्य संगठन शैलेन्द्र और अमरेश त्रिपाठी और यूनिसेफ़ से वंदना त्रिपाठी और सहाना जमीर मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें: हल्द्वानी: जापान की ‘मियावाकी तकनीक’ से अब बिना मिट्टी के उगेंगे पौधे
