हल्द्वानी: कमलुवागांजा में चोरों ने दुकानों पर बोला धावा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। रविवार की रात चोरों ने कमलुवागांजा में छह दुकानों के ताले तोड़ दिए। चोरों ने दुकानों के अंदर सेंधमारी करने के बाद नगदी पर हाथ साफ किया। मामले की जांच पुलिस कर रही है। कमलुवागांजा में दुकानदार अन्य दिनों की तरह अपनी दुकानें खोलने पहुंचे। यहां कुछ दुकानदारों ने देखा कि दुकानों …

हल्द्वानी, अमृत विचार। रविवार की रात चोरों ने कमलुवागांजा में छह दुकानों के ताले तोड़ दिए। चोरों ने दुकानों के अंदर सेंधमारी करने के बाद नगदी पर हाथ साफ किया। मामले की जांच पुलिस कर रही है।

कमलुवागांजा में दुकानदार अन्य दिनों की तरह अपनी दुकानें खोलने पहुंचे। यहां कुछ दुकानदारों ने देखा कि दुकानों के ताले टूट हुए हैं। यहां शर्मा ट्रेडर्स की दुकान का ताला तोड़कर दुकान में रखी 25 हजार की नगदी चुरा ली। वहीं, जगदंबा हार्डवेयर एंड पेंट की दुकान से भी चोर करीब तीन लाख रूपए उड़ा ले गए।

पास में ही स्थित हिमानी कास्मेटिक की दुकान का ताला तोड़ने का प्रयास किया गया। जबकि नारायण ट्रेडर्स की दुकान से 50-60 हजार रुपए चुरा लिए। पास ही स्थित दूध की डेयरी से दो से तीन हजार और जयगुरू ब्रिक सप्लायर की दुकान से 3-4 हजार रूपए चुरा लिए। चोरों ने दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे भी क्षतिग्रस्त कर दिए थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी ली। इस दौरान आसपास छानबीन करने पर शर्मा ट्रेडर्स की दुकान का गल्ला दुकान से काफी दूर मिला है। स्थानीय लोगों ने बताया कि पुलिस की रात्रिगश्त काफी कमजोर है। जिस वजह से चोरों के हौसले बुलंद हैं।

चोरों के निशाने पर दुकानें
हल्द्वानी। हल्द्वानी में चोर दुकानों को निशाना बना रहे हैं। कुछ दिनों पहले मंगलपड़ाव में भी एक साथ लगी चार दुकानों में चोरों ने चोरी की थी। पुलिस उस मामले का भी खुलासा नहीं कर पाई है। कमलुवागांजा में हुई चोरी के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर फिर से सवाल खड़ा हो गया है। इधर पुलिस सूत्रों के अनुसार अंतरराज्यीय चोरों के गिरोह का भी यह काम हो सकता है। संभव है कि वह घटना को अंजाम देने के बाद वापस अपने राज्य में चले जाते हों।

सीसीटीवी से बचने के गुर सीख रहे चोर
हल्द्वानी। मंगलपड़ाव में हुई चोरी में भी पुलिस को सीसीटीवी में कुछ नहीं मिला था। और अब चोर कमलुवागांजा में सीसीटीवी कैमरों को ही क्षतिग्रस्त करके चले गए। चोर भी सीसीटीवी से बचने के तरीके आजमा रहे हैं।

कमलुवागांजा में हुई चोरी की घटना को संज्ञान में लिया है। पुलिस टीम को तेजी के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पुलिस को रात को और भी ज्यादा चौकस रहने को कहा गया है।

– पंकज भट्ट, एसएसपी, नैनीताल

बद्रीपुरा में चोरी करने वाला गिरफ्तार
हल्द्वानी। दुकान के बाहर से चावल ,तेल चोरी करने वाले चोर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसे कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया है। चोर ने बीती 11 फरवरी को भोलानाथ गार्डन में एक दुकान में चोरी की थी। पुलिस को सूचना मिली कि मंडी बाईपास के पास एक युवक चोरी का माल बेचने की फिराक में है। पुलिस ने घेराबंदी कर चोर को दबोच लिया। उसके कब्जे से चोरी का माल भी बरामद कर लिया गया है। पकड़े गये चोर ने अपना नाम भरत कश्यप पुत्र राम सिंह निवासी जीतपुर नेगी निकट जंगलात चौकी बताया है। पुलिस ने चोर को कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश ‌किया है।

 

संबंधित समाचार