नैनीताल: मतणना का काउंटडाउन शुरू, 9747 पोस्टल बैलेट जारी हुए, 5353 वापस आए
हल्द्वानी, अमृत विचार। उत्तराखंड के पांचवें विधानसभा चुनाव में पोस्टल बैलेट को लेकर हंगामा मचा हुआ है। आखिर हंगामा मचे भी क्यों नहीं, नैनीताल जनपद में 9,747 सर्विस मतदाताओं को पोस्टल बैलेट जारी किए गए हैं। यह संख्या किसी भी दल के लिए निर्णायक साबित हो सकती है। अगर विधानसभावार बात की जाए तो प्रत्येक …
हल्द्वानी, अमृत विचार। उत्तराखंड के पांचवें विधानसभा चुनाव में पोस्टल बैलेट को लेकर हंगामा मचा हुआ है। आखिर हंगामा मचे भी क्यों नहीं, नैनीताल जनपद में 9,747 सर्विस मतदाताओं को पोस्टल बैलेट जारी किए गए हैं। यह संख्या किसी भी दल के लिए निर्णायक साबित हो सकती है। अगर विधानसभावार बात की जाए तो प्रत्येक सीट पर एक हजार तो किसी सीट पर तीन हजार से भी ज्यादा लोगों को पोस्टल बैलेट जारी किए गए हैं। ये पोस्टल बैलेट किसी भी प्रत्याशी की हार-जीत में बड़ा उलट फेर कर सकते हैं। पोस्टल बैलेट पर हंगामे के बीच जिला प्रशासन और निर्वाचन विभाग पोस्टल बैलेट की गणना की तैयारियों में जुटे हैं।
जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, नैनीताल जनपद की छह विधानसभा सीटों पर 9,747 डाकमत पत्र जारी किए गए। इनमें 5,501 सेना, 2,080 चुनाव ड्यूटी में लगे मतदान कर्मचारियों को, 2,036 चुनाव ड्यूटी में तैनात सुरक्षा कर्मी और 130 चुनाव ड्यूटी में लगे अन्य कर्मचारियों को पोस्टल बैलेट जारी किए गए हैं। इनमें 5,353 पोस्टल बैलेट मतगणना केंद्र वापस आ गए हैं, जबकि 4,394 आना बाकी हैं।
इन पोस्टल बैलेट का मतगणना दिवस यानी 10 मार्च की सुबह आठ बजे तक इंतजार किया जाएगा। सुबह आठ बजे तक जितने भी पोस्टल बैलेट मतगणना केंद्र पहुंच जाएंगे उनकी गिनती की जाएगी। इस समय के बाद पहुंचने वाले पोस्टल बैलेट की गणना नहीं होगी। इसलिए डाकघरों को विशेष एवं सख्त निर्देश दिए गए हैं कि पोस्टल बैलेट की हर हाल में गुरुवार सुबह आठ बजे तक एमबीपीजी कॉलेज स्थित मतगणना केंद्र में पहुंचा दिया जाए।
पोस्टल बैलेट की गणना के लिए 26 एआरओ की तैनाती अलग से की गई है। सेना में ईटीपीबीएस से पोस्टल बैलेट गए थे। इनके लिए स्कैनर भी मंगाए गए हैं। पोस्टल बैलेट के लिए अलग से हाल बनाया जाएगा। पोस्टल बैलेट की गणना के बाद ही ईवीएम की गणना मान्य होगी।- प्रकाश चंद्र त्रिपाठी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी, नैनीताल
विधानसभा सीट जारी डाकमतों की संख्या प्राप्त डाकमतों की संख्या
लालकुआं 1,372 583
भीमताल 1,348 714
नैनीताल 1,513 826
हल्द्वानी 1,280 826
कालाढूंगी 3,056 1,742
रामनगर 2,078 662
कुल 9,747 5,353
