उत्तराखंड में पहाड़ से मैदान तक सामान्य से चार डिग्री चढ़ा तापमान
हल्द्वानी, अमृत विचार। मार्च की शुरूआत में ही तापमान सामान्य से ज्यादा चलने लगा है। पहाड़ से लेकर मैदान तक अधिकतम तापमान में औसतन चार से पांच डिग्री का उछाल आया हुआ है। मैदानी इलाकों में गर्मी शुरू हो गई है तो पहाड़ में भी दिन के समय मौसम गर्म हो रहा है। उत्तराखंड के …
हल्द्वानी, अमृत विचार। मार्च की शुरूआत में ही तापमान सामान्य से ज्यादा चलने लगा है। पहाड़ से लेकर मैदान तक अधिकतम तापमान में औसतन चार से पांच डिग्री का उछाल आया हुआ है। मैदानी इलाकों में गर्मी शुरू हो गई है तो पहाड़ में भी दिन के समय मौसम गर्म हो रहा है।
उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में दिन के समय गर्मी सामान्य से ज्यादा पड़ रही है। मैदानी इलाकों में तापमान 30 डिग्री से ज्यादा चल रहा है। ये सामान्य से ज्यादा है। पहाड़ों में भी यही हाल है। यहां दिन के समय तापमान सामान्य से ज्यादा चल रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार हल्द्वानी में अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री दर्ज किया गया है। यह सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा है। राजधानी देहरादून में अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री है। यह सामान्य से पांच डिग्री अधिक है।
हालांकि पहाड़ में मैदान की अपेक्षाकृत कम गर्मी पड़ रही है। लेकिन यहां भी दिन के समय मौसम गर्म हो रहा है। पहाड़ों में भी अधिकतम तापमान तीन से चार डिग्री ज्यादा चल रहा है। मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 21 डिग्री रहा जोकि सामान्य से चार डिग्री ज्यादा है। अनुमान है कि आने वाले दिनों में तापमान में और ज्यादा बढ़ोत्तरी होगी। इस बार मौसम विभाग पहले ही भीषण गर्मी पड़ने के आसार जता चुका है।
उत्तराखंड में इस समय अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा चल रहा है। कुछ पर्वतीय जिलों में बारिश होने के आसार बने हुए हैं।- विक्रम सिंह, मौसम विज्ञानी, नैनीताल
हल्द्वानी में दिन में पड़ रही गर्मी
हल्द्वानी। शहर में दिन के समय मौसम काफी गर्म हो रहा है। हालांकि रात के समय मौसम ठंड भरा हो रहा है। इधर नैनीताल में भी दिन के समय सामान्य से ज्यादा गर्मी है। यहां भी अधिकतम तापमान अधिक दर्ज किया जा रहा है। पर्यटकों ने जमकर नौकाविहार का आनंद लिया। अनुमान है कि इस बार भी वीकेंड पर पर्यटकों की भीड़ रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार चमोली, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में हल्की बारिश हो सकती है।
