हल्द्वानी: आचार संहिता तार-तार, जीत के जश्न में डूबा जीरो जोन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। एमबीपीजी में मतगणना सुबह आठ बजे शुरू हुई और मतगणना शुरू होने के बाद रूझान जानने के लिए लोगों का जुटना भी शुरू हो गया। दिन चढ़ता गया और चढ़ते दिन के साथ आचार संहिता तार-तार होने लगी। जीरो जोन बनी नैनीताल रोड पर जश्न शुरू हो गया। अबीर-गुलाल उड़ने लगे और …

हल्द्वानी, अमृत विचार। एमबीपीजी में मतगणना सुबह आठ बजे शुरू हुई और मतगणना शुरू होने के बाद रूझान जानने के लिए लोगों का जुटना भी शुरू हो गया। दिन चढ़ता गया और चढ़ते दिन के साथ आचार संहिता तार-तार होने लगी। जीरो जोन बनी नैनीताल रोड पर जश्न शुरू हो गया। अबीर-गुलाल उड़ने लगे और आतिशबाजी के साथ इस जीरो जोन में जमकर बम फूटे।

तिकोनिया चौराहे और सौरभ होटल के दरम्यान नैनीताल रोड पर एमबीपीजी कॉलेज है और सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने तिकोनिया चौराहे से सौरभ होटल तक की सड़क को जीरो जोन घोषित किया है। यानी इस दरम्यान में किसी तरह का परिवहन या भीड़-भाड़ अपराध की श्रेणी में आता है। बावजूद इसके नियम तार-तार हुए।

सुबह की शुरुआत में कांग्रेस समर्थक कम नजर आए, भाजपाइयों की भीड़ ज्यादा थी। लोग नैनीताल रोड पर आए तो उन्हें ठंडी सड़क की ओर धकेल दिया गया। यहां पार्कों में भी लोगों को जमा नहीं होने दिया गया, लेकिन चढ़ती दोपहर के साथ जैसे-जैसे रुझान नतीजों में तब्दील होने लगे तो समर्थकों की भीड़ बढ़ने लगी।

पुलिस ने उस वक्त हाथ खड़े कर दिए जब भाजपाइयों का बड़ा काफिला तिकोनिया की ओर से कॉलेज की ओर आता दिखाई दिया। इस काफिले में भाजपा प्रत्याशी राम सिंह कैड़ा और लालकुआं से भाजपा प्रत्याशी मोहन सिंह बिष्ट के समर्थक थे। इसके कुछ देर बाद कांग्रेस समर्थक भी बेरीकेडिंग तोड़ जीरो जोन में दाखिल हो गए।

भारी भीड़ और जोरदार नारेबाजी के बीच जमकर गुलाल उड़ा। ढोल-नगाड़ों के शोर से जीरो जोन सराबोर हो गई और इस दरम्यान जमकर आतिशबाजी और बम धमाके किए गए। इस भारी उत्साह के बीच पुलिस ने मौन रहना ही ठीक समझा।

संबंधित समाचार