रुद्रपुर: युवती समझ किशोर के प्यार में फंसा युवक, बाद में की हत्या
रुद्रपुर, अमृत विचार। भूरारानी निवासी किशोर की हत्या के करीब एक साल बाद पुलिस और एसओजी ने मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। किशोर की आदत युवती जैसी होने पर आरोपी उसे युवती समझकर अपने साथ भगा ले गया था। बाद में जानकारी होने पर उसकी हत्या कर शव …
रुद्रपुर, अमृत विचार। भूरारानी निवासी किशोर की हत्या के करीब एक साल बाद पुलिस और एसओजी ने मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। किशोर की आदत युवती जैसी होने पर आरोपी उसे युवती समझकर अपने साथ भगा ले गया था। बाद में जानकारी होने पर उसकी हत्या कर शव खटीमा क्षेत्र में झाड़ियों में फेंक दिया था। पुलिस ने सर्विलांस की मदद से आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार भूरारानी क्षेत्र से 24 मार्च 2021 को 17 वर्षीय एक किशोर लापता हो गया था। गुमशुदगी के पांच दिन बाद 29 मार्च 2021 को किशोर का शव खटीमा-मझोला के बीच झाड़ियों में मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मुंह दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई थी। इसके बाद पुलिस हत्या के पर्दाफाश में जुटी रही और एक साल बाद पुलिस ने हत्यारोपितों तक पहुंचने के लिए सर्विलांस की मदद ली। किशोर के मोबाइल, सीडीआर और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद खजुरिया, रामपुर निवासी गुरजंत सिंह और मझोला, न्यूरिया, पीलीभीत निवासी साहब सिंह उर्फ शब्बी का नाम मामले में सामने आया।
हत्या के करीब एक साल बाद पुलिस ने गुरुवार शाम को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम में कोतवाल विक्रम राठौर, एसएसआई सतीश चंद कापड़ी, एसआई मंगल सिंह, एसओजी प्रभारी कमलेश भट्ट, एसआई संदीप शर्मा, सिपाही कैलाश परिहार, कपिल कुमार, चंद्र प्रकाश व भूपेंद्र आर्या शामिल थे।
डीएनए टेस्ट से हुई किशोर की शिनाख्त
रुद्रपुर। पुलिस के अनुसार किशोर का शव खटीमा-मझोला के बीच लावारिस हालात में मिला था। पुलिस ने शव की शिनाख्त की कोशिशें कीं लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद नियमानुसार पुलिस ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया और उसके कपड़े व फोटो आदि पहचान के लिए सुरक्षित रख लिए। एसओजी प्रभारी कमलेश भट्ट ने बताया कि इस दौरान पुलिस ने गुमशुदा लोगों को ढूंढा तो भूरारानी क्षेत्र से एक किशोर की गुमशुदगी की रिपोर्ट मिली। उसके परिजनों को खटीमा लेकर कपड़ों, फोटो आदि की पहचान कराई लेकिन उन्होंने उसे पहचानने से मना कर दिया। शक होने पर पुलिस ने डीएनए टेस्ट कराया। जिसमें किशोर के माता-पिता के रूप में उनकी पहचान हुई। इसके बाद पुलिस ने सर्विलांस और उसके मोबाइल फोन को खंगाला और मामले का खुलासा हुआ।
युवती समझ प्यार में पड़ गया था आरोपी
रुद्रपुर। पूछताछ में गिरफ्तार मुख्य आरोपी गुरजंत सिंह ने बताया कि किशोर से एक साल पहले उसकी बातचीत फोन के माध्यम से हुई थी। जब उसकी आमने-सामने मुलाकात हुई तब किशोर जींस-टॉप व सिर पर चुन्नी डाले हुए था। इससे वह बिल्कुल युवती प्रतीत हो रहा था और उसकी बोली से भी गुरजंत सिंह को उसके युवती होने पर विश्वास हो गया। 24 मार्च 2021 को गुरजंत ने उसे शादी का प्रस्ताव दिया और दोनों घर से भाग गए।
वह उसे बिलासपुर अपने घर लेकर पहुंचा और शारीरिक संबंध बनाने चाहे तो उसके युवक होने का पता चला। इसके बाद दोनों ने अप्राकृतिक संबंध भी बनाए और चंडीगढ़ चले गए। लेकिन वहां किशोर रहना नहीं चाहता था और वह बिलासपुर लौट आए। गुरजंत उससे अपने साथ नहीं रखना चाहता था और उसे वापस घर जाने को कहा लेकिन किशोर नहीं माना और शादी पर अड़ गया। ये बात गुरजंत सिंह ने अपने जीजा मझोला निवासी साहब सिंह उर्फ सब्बी को बताई। तब सब्बी ने उसे मझोला आने को कहा। 27 मार्च 2021 मझोला पहुंचने पर परेशान होकर गुरजंत ने किशोर का गला दबाकर हत्या कर दी। उसके बाद उसने अपने जीजा के साथ मिलकर शव को झाड़ियों में फेंक दिया और चंडीगढ़ भाग गया।
