रुद्रपुर: ठुकराल ने बेहड़ को किया फोन, चर्चाओं ने पकड़ा जोर

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। चुनाव निपट गया है लेकिन अब शहर में नए राजनैतिक समीकरण भी बनने लगे हैं। नये समीकरणों के तहत निवर्तमान विधायक राजकुमार ठुकराल ने पूर्व मंत्री तिलक राज बेहड़ को फोन कर उनका हालचाल जाना। बातचीत तो फोन पर ही हुई लेकिन शहर में चर्चाएं तेजी से उड़ गईं। बात तो यहां …

रुद्रपुर, अमृत विचार। चुनाव निपट गया है लेकिन अब शहर में नए राजनैतिक समीकरण भी बनने लगे हैं। नये समीकरणों के तहत निवर्तमान विधायक राजकुमार ठुकराल ने पूर्व मंत्री तिलक राज बेहड़ को फोन कर उनका हालचाल जाना। बातचीत तो फोन पर ही हुई लेकिन शहर में चर्चाएं तेजी से उड़ गईं। बात तो यहां तक कही गई कि ठुकराल रात के अंधेरे में बेहड़ से मिलने गए हैं, हालांकि उन्होंने इससे इनकार किया।

शहर की राजनीति में निवर्तमान विधायक राजकुमार ठुकराल व पूर्व मंत्री तिलक राज बेहड़ की राजनैतिक अदावत जगजाहिर है। कभी राजनीति में गुरु-चेले कहे जाने वाले बेहड़ और ठुकराल में शिष्टाचार वाली बोलचाल भी नहीं है। कई बार सार्वजनिक रूप से दोनों को एक-दूसरे से मुंह घुमाते हुए देखा गया है। हाल ही में चुनाव से पहले भी एक कार्यक्रम में भगत सिंह चौक पर दोनों के समर्थक भिड़ गए थे। हालात इतने बिगड़े कि आयोजकों को कार्यक्रम ही बंद करना पड़ा था।

इस विधानसभा चुनाव के बाद समीकरण थोड़ा बदले हैं। पूर्व मंत्री तिलक राज बेहड़ किच्छा से विधायक चुने गए हैं तो निवर्तमान विधायक राजकुमार ठुकराल को निर्दलीय तौर पर हार का सामना करना पड़ा है।

चुनाव के बाद से ही पूर्व मंत्री व किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ की तबियत खराब चल रही है। इसके चलते आवास विकास स्थित अपने घर पर वे स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। यहीं पर शुभचिंतक उनको बधाई दे रहे हैं और हालचाल जान रहे हैं। उधर, राजकुमार ठुकराल के अगले राजनैतिक कदम को लेकर भी चर्चाए चल रही हैं।

शनिवार की सुबह एकाएक शहर में चर्चाएं चलीं कि ठुकराल शुक्रवार देर रात को पूर्व मंत्री बेहड़ का हालचाल लेने उनके घर पहुंचे हैं। इन चर्चाओं ने जोर पकड़ा तो इसमें राजनैतिक समीकरण भी ढूंढे जाने लगे। बातें तो बहुत होने लगीं लेकिन बाद में ठुकराल ने आवास विकास जाने की बात नकारते हुए कहा कि फोन कर उन्होंने पूर्व मंत्री बेहड़ का हालचाल जाना था।

मैं आवास विकास नहीं गया था। हां, इतना जरूर है कि मैंने किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ को शुक्रवार की रात को फोन किया था। उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली थी। इससे ज्यादा कुछ नहीं है।

– राजकुमार ठुकराल, निवर्तमान विधायक

शर्मा दंपति ने जाना बेहड़ का हालचाल
रुद्रपुर। पूर्व मंत्री तिलक राज बेहड़ का आभार जताने व उन्हें शुभकामनाए देने कांग्रेस प्रत्याशी मीना शर्मा उनके घर पहुंचीं। मीना व उनके पति अनिल शर्मा ने पूर्व मंत्री को किच्छा से जीत की शुभकामनाएं दीं। साथ ही रुद्रपुर में उनके सहयोग के लिए आभार जताया। शर्मा दंपति ने पूर्व मंत्री के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

संबंधित समाचार