देहरादून से दिल्ली तक मुख्यमंत्री के नाम पर मंथन तेज, धामी के बाद अब इस नाम ने चौंकाया
देहरादून, अमृत विचार। प्रदेश में बहुमत से सरकार बनाने वाली भारतीय जनता पार्टी का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इसको लेकर देहरादून से नई दिल्ली तक मंथन तेज हो गया है। अभी तक कार्यवाहक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ही अगले मुख्यमंत्री का चेहरा बने हुये हैं, लेकिन अब ऋतु खंडूड़ी को मुख्यमंत्री बनाने की मांग शुरू …
देहरादून, अमृत विचार। प्रदेश में बहुमत से सरकार बनाने वाली भारतीय जनता पार्टी का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इसको लेकर देहरादून से नई दिल्ली तक मंथन तेज हो गया है। अभी तक कार्यवाहक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ही अगले मुख्यमंत्री का चेहरा बने हुये हैं, लेकिन अब ऋतु खंडूड़ी को मुख्यमंत्री बनाने की मांग शुरू हो गयी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह गुजरात से दिल्ली लौटने पर मुख्यमंत्री के चेहरे पर मुहर लग सकती है। इसी के साथ ही नयी सरकार के गठन की प्रक्रिया भी शुरू हो जायेगी।
मुख्यमंत्री के चेहरे और सरकार गठन की कवायद में उस समय रोचक मोड़ आ गया, जब भाजपा महिला मोर्चा ने अपनी प्रदेश अध्यक्ष और कोटद्वार विधायक ऋतु खंडूड़ी को मुख्यमंत्री बनाने की प्रमुखता से मांग कर दी। महिला मोर्चा की पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने भाजपा मुख्यालय में ऋतु खंडूड़ी को सीएम बनाने की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी भी की। इस बीच राजनीतिक क्षेत्र में चर्चा तेजी से हो रही है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तराखंड को पहली महिला मुख्यमंत्री दे सकते हैं। इसके लिए कोटद्वार से जीत कर आईं पूर्व मुख्यमंत्री बीसी खंडूड़ी की बेटी ऋतु खंडूड़ी का नाम तेजी से चल रहा है। ऋतु खंडूड़ी को शनिवार को ही दिल्ली बुलाया गया है।
बताया जा रहा है कि उत्तराखंड में जिस तरह से महिलाओं ने भाजपा के प्रति अपना रुझान दिखाया है। उसके बाद भाजपा महिला मुख्यमंत्री का फॉर्मूला उत्तराखंड को दे सकती है। इस दौरान विधायक ऋतु खंडूड़ी ने इतना तो जरूर कहा कि वह दिल्ली जा रही हैं, लेकिन मुख्यमंत्री की दौड़ में उनका नाम है या नहीं इस बात की उन्हें कोई जानकारी नहीं है। वह पार्टी के कार्यकर्ता के रूप में ही काम करेंगी और बाकी सब संगठन ही तय करेगा लेकिन सूत्र यह बताते हैं कि ऋतु खंडूड़ी के पति केंद्र सरकार में वरिष्ठ स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ काफी अच्छे संबंध हैं। उनके काम की तारीफ प्रधानमंत्री सहित पूरी कैबिनेट करती है।
तमाम नेता दिल्ली तलब
पर्यवेक्षक के तौर पर देहरादून आने वाले नेता धर्मेंद्र प्रधान और पीयूष गोयल भी फिलहाल देहरादून नहीं आये हैं। देहरादून के तमाम नेताओं को दिल्ली बुलाया गया है। सुबोध उनियाल, सतपाल महाराज सहित तमाम नेता दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं। सबकी नजरें इस बात पर टिकी हुई हैं कि आखिरकार भाजपा ऐसा कौन सा फैसला लेने वाली है, जिसके लिए पार्टी दो दिनों से सोच विचार कर रही है। शनिवार को दिल्ली में वरिष्ठ नेता अजय भट्ट और बीएल संतोष के बीच भी वार्ता हुयी। उधर, चर्चा यह भी है कि भाजपा को प्रचंड जीत दिलाने वाले कार्यवाहक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का नाम भी अभी आगे चल रहा है।
