गरमपानी: अवैध शराब बिक्री से आक्रोशित महिलाएं तहसील मुख्यालय पर धमकीं
गरमपानी, अमृत विचार। बेतालघाट ब्लॉक के गांवों में अवैध शराब बिक्री से गुस्साईं महिलाओं ने खैरना स्थित तहसील मुख्यालय में हंगामा किया। एसडीएम को अवैध शराब की बिक्री रोकने को ज्ञापन सौंपा। कहा कि बच्चे तक नशे की जद में आ रहे हैं। बाहरी लोगों की संख्या भी बढ़ती ही जा रही है जिससे कभी …
गरमपानी, अमृत विचार। बेतालघाट ब्लॉक के गांवों में अवैध शराब बिक्री से गुस्साईं महिलाओं ने खैरना स्थित तहसील मुख्यालय में हंगामा किया। एसडीएम को अवैध शराब की बिक्री रोकने को ज्ञापन सौंपा।
कहा कि बच्चे तक नशे की जद में आ रहे हैं। बाहरी लोगों की संख्या भी बढ़ती ही जा रही है जिससे कभी भी बड़ी घटना सामने आ सकती है। महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया तो फिर तहसील मुख्यालय में धरना दिया जाएगा।
बेतालघाट से चंपा बोहरा के नेतृत्व में 24 से अधिक महिलाएं तहसील मुख्यालय पहुंचीं। बेतालघाट के तमाम गांवों में लगातार बढ़ रही शराब बिक्री पर रोष जताया। एसडीएम राहुल शाह को ज्ञापन सौंपा। बताया कि आए दिन शराब बिक्री से गांव का माहौल अशांत होता जा रहा है। गांव में शराब का कारोबार फल-फूल रहा है। छोटे-छोटे बच्चे तक नशे की जद में आ रहे हैं।
इससे माहौल खराब होता जा रहा है। इस दौरान भगवती बोहरा, किरन चमकानी, अनीता बोहरा, ज्योति आर्या, तारा देवी, रेनू देवी, विमला देवी, शांति देवी, मधुली देवी, एकता, संतोषी देवी, प्रताप बोहरा, विजय कुमार, अनिता बोहरा, लता लोहिया आदि मौजूद रहे।
