Sachin Tendulkar 100th century : आज के दिन सचिन तेंदुलकर ने रचा था इतिहास, लगाया था ‘शतकों का शतक’

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। क्रिकेट की दुनिया में ‘क्रिकेट के भगवान’ के नाम से मशहूर पूर्व भारतीय दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने 10 साल पहले (मार्च 2012 ) आज के ही दिन अपना 100वां अंतरराष्ट्रीय शतक जड़ा था। ऐसा करने वाले वह एकमात्र खिलाड़ी हैं। उन्होंने एशिया कप में बांग्लादेश के खिलाफ मैच के दौरान यह उपलब्धि …

नई दिल्ली। क्रिकेट की दुनिया में ‘क्रिकेट के भगवान’ के नाम से मशहूर पूर्व भारतीय दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने 10 साल पहले (मार्च 2012 ) आज के ही दिन अपना 100वां अंतरराष्ट्रीय शतक जड़ा था। ऐसा करने वाले वह एकमात्र खिलाड़ी हैं। उन्होंने एशिया कप में बांग्लादेश के खिलाफ मैच के दौरान यह उपलब्धि हासिल की थी। सचिन के लिए 100वां शतक आसान नहीं रहा था। इसके लिए उन्हें काफी इंतजार करना पड़ा। वे कई बार नर्वस नाइंटी का शिकार हुए। लेकिन, उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ 16 मार्च 2012 को खेले गए मैच में शतक जड़कर 100 शतकों का रिकॉर्ड बना दिया।

इंटरनेशनल क्रिकेट में 100 शतक जड़ने वाले सचिन इकलौते खिलाड़ी
आपको बता दें कि साल 2012 में एशिया कप खेला गया। टीम इंडिया महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में टॉस हारकर पहले बैटिंग करने मैदान में उतरी। इस दौरान सचिन तेंदुलकर ने बांग्लादेश के खिलाफ शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम, मीरपुर में शतक लगाया था। इस मुकाबले में सचिन ने 147 गेंदों पर 114 रनों की पारी खेली थी। यह शतक सचिन के लिए बेहद खास और महत्वपूर्ण था, जो उनके करियर का बेहद अहम रिकॉर्ड बन गया। सचिन तेंदुलकर इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे अधिक शतक लगाने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं। बता दें, सचिन ने जब शतकों का शतक पूरा किया तो वह 38 साल के थे और उन्हें 99वें शतक के बाद 100वें शतक के लिए करीब एक साल का इंतजार करना पड़ा था। सचिन ने साल 2011 विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ करियर का 99वां शतक जड़ा था।

दिसंबर 2012 को वनडे और नवंबर 2013 को टेस्ट से को कहा अलविदा
क्रिकेट की दुनिया में 24 साल राज करने के बाद 16 नवंबर 2013 को सचिन तेंदुलकर ने अपना आखिरी मैच खेला था। ये मैच उनके टेस्ट करियर का 200वां टेस्ट था, जो उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला था। जबकि दिसंबर 2012 में उन्होंने एकदिवसीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए अपने आखिरी वनडे में सचिन तेंदुलकर ने भारत की जीत में 52 रनों की पारी खेली थी।

सचिन तेंदुलकर के नाम ये रिकॉर्ड
तेंदुलकर के नाम 664 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 34 हजार 357 रन दर्ज हैं। उन्होंने 100 शतक जमाए हैं। 463 एकदिवसीय मैचों में उन्होंने 18 हजार 426 रन बनाए और 49 शतक जड़े। वहीं 200 टेस्ट मैचों में सचिन के बल्ले से 15 हजार 921 रन और 51 शतक निकले।

ये भी पढ़ें : Chess Olympiad 2022: चेन्नई में होगा शतरंज ओलंपियाड का आयोजन, रूस से छीनकर भारत को सौंपी मेजबानी

संबंधित समाचार